शिवपुरी के पोहरी रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब ढह गया। हादसे में मजदूरों को मामूली चोटें आईं। इंजीनियर ने मानकों की अनदेखी स्वीकारी, जबकि पीडब्ल्यूडी ने इसे सुरक्षा कारणों से गिराना बताया। हादसे को लेकर अलग-अलग बयान सामने आए हैं और गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।
By Anurag Mishra
Publish Date: Sun, 15 Jun 2025 07:47:16 PM (IST)
Updated Date: Sun, 15 Jun 2025 07:50:04 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। पोहरी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक ढह गया। हादसे के समय मौके पर मौजूद मजदूरों को हल्की चोटें आईं। यह पुल शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है।
स्लैब डालते समय ढह गया हिस्सा
कंपनी के इंजीनियरों के मुताबिक शुभम कंस्ट्रक्शन कंपनी के मजदूर रात को काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 मीटर लंबे स्लैब का हिस्सा ढह गया। मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर प्रवीण पांडे ने मीडिया से कहा कि कंक्रीट डाली जा रही थी। इस दौरान स्लैब गिर गया। उनका कहना था कि स्लैब निर्माण में मानकों का पालन नहीं हुआ, जिससे यह हादसा हुआ।
दरार आने के बाद खुद गिराया गया
हादसे के कुछ ही घंटों बाद पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर रविंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि स्लैब में दरारें देखी गई थीं, इसलिए उसे खुद ही तोड़ने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया कदम था।
ओवरहीटिंग को बताया कारण
पीडब्ल्यूडी ब्रिज कंस्ट्रक्शन डिवीजन ग्वालियर ने भी एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि शुक्रवार 13 जून की सुबह स्लैब डाला गया था। उसके बाद ओवरहीटिंग के कारण उसमें दरारें पाई गईं। कार्यपालन यंत्री जोगिंदर यादव ने निरीक्षण के बाद स्लैब को तोड़ने के निर्देश दिए। शनिवार रात इसे गिराया गया।
गुणवत्ता पर उठे सवाल
हादसे को लेकर अब विभागीय लीपापोती की आशंका भी सामने आ रही है। एक ओर निर्माण कंपनी के इंजीनियर निर्माण में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर रहे हैं। विभाग इसे प्लानिंग के तहत किया गया कार्य बता रहा है। फिलहाल मामले की जांच की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल जरूर उठने लगे हैं।
Source link
#शवपर #म #आध #रत #क #ढह #नरमणधन #रलव #ओवर #बरज #क #एक #हसस #मजदर #क #लग #चट



Post Comment