×
Trump China Visit LIVE: व्हाइट हाउस बोला- सिर्फ औपचारिकता निभाने नहीं गए हैं ट्रंप; ताइवान मुद्दा सबसे अहम

Trump China Visit LIVE: व्हाइट हाउस बोला- सिर्फ औपचारिकता निभाने नहीं गए हैं ट्रंप; ताइवान मुद्दा सबसे अहम

11:04 AM, 14-May-2026

ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात- ताइवान मुद्दा सबसे अहम

ताइवान का मुद्दा भी इस बैठक में अहम रहने वाला है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका ताइवान को हथियार देने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप प्रशासन ने ताइवान के लिए 11 अरब डॉलर के हथियार पैकेज को मंजूरी दी है, हालांकि उसकी डिलीवरी अभी शुरू नहीं हुई है। ताइवान दुनिया में चिप निर्माण का बड़ा केंद्र है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ट्रंप अमेरिका में चिप उत्पादन बढ़ाने के लिए ताइवान के साथ व्यापारिक सहयोग मजबूत करना चाहते हैं। इसी सिलसिले में एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने हैं। ट्रंप के साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी चीन पहुंचे हैं। इसके अलावा टेक, रक्षा, कृषि और वित्त क्षेत्र के कई बड़े कारोबारी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

10:44 AM, 14-May-2026

सिर्फ औपचारिकता निभाने नहीं आए हैं ट्रंप- व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप इस दौरे पर सिर्फ औपचारिकता निभाने नहीं गए हैं, बल्कि कुछ ठोस परिणाम चाहते हैं। अमेरिकी प्रशासन को उम्मीद है कि चीन अमेरिकी सोयाबीन, बीफ और विमानों की खरीद बढ़ाने का एलान कर सकता है। साथ ही दोनों देशों के व्यापारिक विवाद सुलझाने के लिए ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ जैसी व्यवस्था पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि अभी तक किसी भी संभावित समझौते की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस दौरे के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा ईरान बना हुआ है। अमेरिका और इस्राइल के साथ ईरान के युद्ध ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को झटका दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावित होने से तेल और गैस आपूर्ति बाधित हुई है और ऊर्जा कीमतों में उछाल आया है। ऐसे में ट्रंप चीन से ईरान पर दबाव डालने की कोशिश कर सकते हैं, क्योंकि चीन ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है।

10:38 AM, 14-May-2026

जिनपिंग ने दिया ट्रंप को सख्त संदेश

ताइवान के मुद्दे पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सख्त चेतावनी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, जिनपिंग ने कहा कि ताइवान के मुद्दे को अमेरिका गलत तरीके से न संभाले, इसे लेकर चीन-अमेरिका में संघर्ष हो सकता है। बता दें कि, ट्रंप के चीन पहुंचने से पहले अमेरिका में स्थित चीन के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर अमेरिका को चेतावनी दी थी। चीन ने कहा कि अमेरिका-चीन संबंधों में ‘चार लाल रेखाएं’ हैं, जिन्हें चुनौती नहीं दी जानी चाहिए। चीन ने जिन चार मुद्दों को सबसे संवेदनशील बताया, उनमें ताइवान का सवाल, लोकतंत्र और मानवाधिकार, दोनों देशों की राजनीतिक व्यवस्था और चीन के विकास का अधिकार शामिल हैं। चीन ने साफ संकेत दिया कि इन मुद्दों पर किसी भी तरह का दबाव या हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।

10:29 AM, 14-May-2026

2017 के बाद ट्रंप का पहला चीन दौरा

यह ट्रंप का 2017 के बाद पहला चीन दौरा है। इससे पहले दोनों नेता पिछले साल अक्तूबर महीने में बुसान में मिले थे। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप और शी जिनपिंग की यह मुलाकात आने वाले समय में अमेरिका-चीन संबंधों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

10:27 AM, 14-May-2026

ट्रंप के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक के बाद ट्रंप ऐतिहासिक ‘टेंपल ऑफ हैवेन’ जाएंगे, जिसे स्वर्ग और पृथ्वी के संबंध का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा दोनों नेता राजकीय भोज में भी शामिल होंगे, जबकि शुक्रवार को वर्किंग टी और लंच का कार्यक्रम तय है। वहीं, ट्रंप के सम्मान में गुरुवार शाम को एक राजकीय भोज का भी आयोजन किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति बुधवार को दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे थे। बीजिंग पहुंचने पर उनका स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने किया। इस दौरान चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू भी मौजूद रहे।

09:03 AM, 14-May-2026

जिनपिंग से बोले ट्रंप- आप एक महान नेता हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, ‘चीन और अमेरिका के बीच संबंध पहले से कहीं बेहतर होने वाले हैं… हमारा भविष्य उज्ज्वल होगा। चीन के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है, आपने जो काम किया है, उसकी मैं सराहना करता हूं। आप एक महान नेता हैं। मैं यह बात हर किसी से कहता हूं। कभी-कभी लोगों को मेरा यह कहना पसंद नहीं आता, लेकिन मैं फिर भी कहता हूं। हमारे सभी महान प्रतिनिधिमंडलों की ओर से, जिनमें दुनिया के सबसे बड़े, सबसे प्रतिष्ठित और शायद सर्वश्रेष्ठ व्यवसायी शामिल हैं… मुझे कंपनी में दूसरे या तीसरे दर्जे के लोगों की जरूरत नहीं थी। मुझे केवल शीर्ष लोगों की जरूरत थी। वे आज यहां आपको और चीन को सम्मान देने आए हैं। वे व्यापार और व्यवसाय करने के लिए उत्सुक हैं, और हमारी ओर से भी यह पूरी तरह से पारस्परिक होगा। मैं हमारी चर्चा के लिए बहुत उत्सुक हूं। यह एक बड़ी चर्चा है। जो लोग कहते हैं कि यह शायद अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन है, उन्हें शायद ही कभी ऐसा कुछ याद हो’।

 

08:56 AM, 14-May-2026

हम एक साथ एक शानदार भविष्य की ओर अग्रसर- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कहा, ‘हम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। वास्तव में, हमारे दोनों देशों के बीच किसी भी राष्ट्रपति और राष्ट्रपति के बीच का यह सबसे लंबा संबंध है। और यह मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारा रिश्ता शानदार रहा है। हम एक-दूसरे के साथ अच्छे से रहे हैं। जब भी कोई कठिनाई आई, हमने उसका समाधान निकाला। मैं आपको फोन करता था और आप मुझे। जब भी कोई समस्या हुई, हमने उसका समाधान बहुत जल्दी निकाल लिया और हम एक साथ एक शानदार भविष्य की ओर अग्रसर हैं’।

 

08:50 AM, 14-May-2026

जिनपिंग बोले- मैं प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, ‘राष्ट्रपति, मैं हमारे दोनों देशों और दुनिया के लिए महत्वपूर्ण प्रमुख मुद्दों पर आपकी चर्चाओं के लिए उत्सुक हूं, और चीन-अमेरिका संबंधों के विशाल जहाज को सही दिशा देने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं, ताकि 2026 चीन-अमेरिका संबंधों में एक नया अध्याय खोलने वाला एक ऐतिहासिक वर्ष बन सके’।

 

08:48 AM, 14-May-2026

हमें साझेदार होना चाहिए, प्रतिद्वंद्वी नहीं- जिनपिंग

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस दौरान कहा, ‘क्या हम मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकते हैं और दुनिया को अधिक स्थिरता प्रदान कर सकते हैं? क्या हम अपने दोनों देशों के लोगों की भलाई और मानवता के भविष्य के हित में, अपने द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं? ये प्रश्न इतिहास, दुनिया और जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये हमारे समय के प्रश्न हैं जिनका उत्तर हमें और आपको प्रमुख देशों के नेताओं के रूप में देना होगा… मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हमारे दोनों देशों के बीच मतभेदों की तुलना में अधिक साझा हित हैं। एक में सफलता दूसरे के लिए अवसर है। और एक स्थिर द्विपक्षीय संबंध दुनिया के लिए अच्छा है। चीन और संयुक्त राज्य अमेरिका दोनों को सहयोग से लाभ होगा और टकराव से हानि होगी। हमें साझेदार होना चाहिए, प्रतिद्वंद्वी नहीं। हमें एक-दूसरे की सफलता और समृद्धि में सहयोग करना चाहिए और नए युग में प्रमुख देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने का सही मार्ग खोजना चाहिए।’

 

08:35 AM, 14-May-2026

जिनपिंग के साथ ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, ‘नौ साल बाद चीन में आपका स्वागत है। पूरी दुनिया हमारी बैठक पर नजर रखे हुए है। वर्तमान में, एक सदी में अभूतपूर्व परिवर्तन पूरी दुनिया में तेजी से हो रहा है, और अंतरराष्ट्रीय स्थिति अस्थिर और उथल-पुथल भरी है। दुनिया एक नए मोड़ पर आ खड़ी हुई है। क्या चीन और अमेरिका थ्यूसीडाइड्स के जाल से निकलकर प्रमुख देशों के संबंधों का एक नया प्रतिमान स्थापित कर सकते हैं?’

 



Source link
#Trump #China #Visit #LIVE #वहइट #हउस #बल #सरफ #औपचरकत #नभन #नह #गए #ह #टरप #तइवन #मदद #सबस #अहम

Post Comment