×
इंदौर के खजराना इलाके में तपेश्वरी बाग टंकी पर फूटा लोगों का गुस्सा, नगर निगम का हाइड्रेंट गिराया

इंदौर के खजराना इलाके में तपेश्वरी बाग टंकी पर फूटा लोगों का गुस्सा, नगर निगम का हाइड्रेंट गिराया

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गंभीर जलसंकट झेल रहे खजराना क्षेत्र की तपेश्वरी बाग टंकी पर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नगर निगम ने इस टंकी पर हाइड्रेंट बना रखा है, जिससे टैंकर भरे जाते हैं। इस टंकी से क्षेत्र की 20 से ज्यादा कालोनियों में पानी सप्लाई होता है। रविवार दोपहर इन कालोनियों के रहवासी टंकी के पास जमा हो गए। उस वक्त यहां पानी भरने के लिए टैंकर पहुंचे थे।

आक्रोशित लोगों ने पहले तो हंगामा करते हुए टैंकर चालकों को वहां से भगाया फिर यहां बने हाइड्रेंट तोड़ दिया। रहवासियों का कहना है कि नगर निगम ने टंकी पर हाइड्रेंट बनाया हुआ है। यहां से पानी भरकर अन्य क्षेत्रों में भेजा जा रहा है, लेकिन जिन कॉलोनियों में टंकी से सीधा सप्लाई है वहीं के लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। हाइड्रेंट से टैंकर भराते हैं और आसपास की कालोनियों में पानी बेचा जा रहा है।

यहां से पानी भरकर दूसरी कॉलोनियों में बेचते हैं

हम कई बार पानी की किल्लत का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। रविवार दोपहर भी टैंकर वाले पानी भरने के लिए यहां पहुंचे थे। लोगों को इसकी सूचना मिली तो वे टंकी के पास जमा हो गए। इन लोगों ने टैंकर वालों का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। लोगों का आरोप है कि टैंकर चालक यहां से पानी भरकर दूसरी कॉलोनियों में बेचते हैं।

आक्रोशित लोगों ने देर तक हंगामा किया। सूचना मिलते ही निगम के अधिकारी, एमआईसी सदस्य राजेश उदावत और अन्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन हंगामा जारी रहा। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस मौके पर पहुंची, फिर हंगामा खत्म हुआ।

तपेश्वरी बाग टंकी वार्ड 37 के अंतर्गत आती है। इस वार्ड में वर्तमान में निगम के नौ टैंकर चल रहे हैं, जबकि आवश्यकता 15 टैंकरों की है। रहवासियों का कहना है कि वार्ड में पानी की टंकी होने के बावजूद जलसंकट बना हुआ है। नगर निगम ने नर्मदा टंकी पर हाइड्रेंट बनाया है। नर्मदा जल टैंकरों के माध्यम से दूसरे क्षेत्रों में भेजा जा रहा है, जबकि इस टंकी से जुड़ी 20 से ज्यादा कॉलोनियों के रहवासी परेशान हो रहे हैं।

चार दिन में एक बार मिल रहा पानी

रहवासी कैलाश मकवाना, सुनीता वर्मा, राजू हिरवे ने बताया कि वार्ड में टंकी है, लेकिन कॉलोनियों में कहीं दो दिन में तो कहीं चार दिन में एक बार पानी आ रहा है। कुछ देर नल आते हैं, लेकिन प्रेशर बहुत कम होता है। पानी की समस्या लेकर टंकी पर जाते हैं तो वहां से कहा जाता है कि टंकी भरी ही नहीं रही तो सप्लाई कैसे करें। दूसरी तरफ नगर निगम इस टंकी पर हाइड्रेंट बनाकर यहां से टैंकर भरवाकर दूसरे क्षेत्रों में भेज रहा है।

निगम ने पुलिस को दिया आवेदन

हंगामे के बाद लोगों ने हाइड्रेंट गिरा दिया था। मौके पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने इस संबंध में खजराना पुलिस को आवेदन दिया है। इसमें कहा है कि कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए हाइड्रेंट गिरा दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इसकी जांच की जाए।

यह भी पढ़ें : इंदौर के खजराना इलाके में टेंट हाउस गोडाउन में लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी

कुछ लोगों ने हंगामा किया था

तपेश्वरी बाग टंकी पर हाइड्रेंट बनाकर टैंकर भरे जाते हैं। रविवार को कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा किया था। इन लोगों का कहना था कि पानी सिर्फ हमारे क्षेत्र में दिया जाए, दूसरे क्षेत्र में नहीं। यह संभव नहीं है। हमने समझाइश दी है। – अभिषेक शर्मा बबलू, जलकार्य समिति प्रभारी, नगर निगम इंदौर

#इदर #क #खजरन #इलक #म #तपशवर #बग #टक #पर #फट #लग #क #गसस #नगर #नगम #क #हइडरट #गरय

Post Comment