राजधानी में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े नेटवर्क का राजफाश करते हुए क्राइम ब्रांच ने दो और शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े नेटवर्क का राजफाश करते हुए क्राइम ब्रांच ने दो और शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। शहर को अपराध मुक्त बनाने के विशेष अभियान के तहत मिली इस कामयाबी के बाद, इस पूरे गिरोह में गिरफ्तार होने वाले आरोपितों की संख्या अब 10 पहुंच चुकी है। पुलिस ने इनके पास से अब तक भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपित
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपित रॉयल मार्केट इलाके में छिपे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल ताज-उल-मस्जिद के सामने और यूनीक अस्पताल के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने 21 वर्षीय अकमल अली (निवासी चौकी इमामबाड़ा) और 19 वर्षीय समी खान (निवासी हाथी खाना, तलैया) को दबोच लिया।
मुख्य सप्लायर ‘तालिब’ से जुड़े तार, छिपाए गए हथियार बरामद
सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपितों ने कबूला कि उन्होंने ये हथियार “तालिब” नामक मुख्य सप्लायर से खरीदे थे, जो पहले गिरफ्तार हो चुका है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने अकमल के पास से बेनज़ीर ग्राउंड की दीवार के पास छिपाई गई 01 रिवाल्वर और समी के पास से वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से 01 पिस्टल बरामद की।
गिरोह के 10 सदस्य अब तक गिरफ्तार, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
इस गिरोह के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई जारी है। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के 08 अन्य बदमाशों (दानिश, अमन, मुस्तफा, तालिब, अरशान, सरफराज, गुफरान और अली खान) को गिरफ्तार किया था। इस घटनाक्रम में क्राइम ब्रांच अब तक 04 पिस्टल, 01 रिवॉल्वर, 01 देशी कट्टा, 05 जिंदा कारतूस और 08 मोबाइल फोन जब्त कर चुकी है। पकड़े गए सभी आरोपितों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने नए सिरे से गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
#करइम #बरच #क #बड #कररवई.. #भपल #म #अवध #हथयर #क #नटवरक #क #रजफश #तसकर #गरफतर



Post Comment