इंदौर के सिरपुर में प्रशासन ने 40 करोड़ की शासकीय जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई। बुलडोजर कार्रवाई के साथ भूमाफिया अज्जू खां गिरफ्तार हुआ, जबकि मास्टरमाइ…और पढ़ें
HighLights
- सिरपुर में 40 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई।
- बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी और निर्माण पूरी तरह ध्वस्त किए गए।
- भूमाफिया अज्जू खां गिरफ्तार, मास्टरमाइंड जफर खान फरार है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शासकीय भूमि पर अवैध कालोनियां बसाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मल्हारगंज तहसील के ग्राम सिरपुर में करीब 40 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। मुख्य आरोपित अज्जू खां के खिलाफ चंदननगर थाने में एफआइआर दर्ज की गई है। वहीं पूछताछ में सामने आए मास्टरमाइंड जफर खान की पुलिस तलाश कर रही है।
सरकारी जमीन पर बसाई जा रही थी अवैध कॉलोनी
मल्हारगंज एसडीएम निधि वर्मा को सूचना मिली थी कि ग्राम सिरपुर के सर्वे क्रमांक 33 की 2.711 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर कॉलोनी बसाई जा रही है। जांच में यह भूमि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के नाम दर्ज मिली। इसके बावजूद भूमाफिया अज्जू खां इसे अपनी निजी जमीन बताकर ‘न्यू लक्ष्मी नगर’ नाम से अवैध कॉलोनी विकसित कर रहा था।
100 से अधिक प्लॉट नोटरी पर बेचे
जांच में सामने आया कि आरोपित ने सरकारी जमीन के 100 से अधिक प्लॉट काटकर करीब पांच लाख रुपये प्रति प्लॉट की दर से नोटरी के माध्यम से बेच दिए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पांच करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की जा चुकी है। सर्वे क्रमांक 37/1 की भूमि को भी आरोपित अपनी बताकर बेचने का प्रयास कर रहा था, जबकि उसका स्वामित्व भी उसके नाम नहीं है।
बेदखली के आदेश, बुलडोजर से हटाया अतिक्रमण
कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर बने टीनशेड मकानों में रह रही जरीना बी, बबली और यास्मीन मंसूरी के खिलाफ राजस्व प्रकरण दर्ज कर बेदखली के आदेश जारी किए गए। राजस्व, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जेसीबी और बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाकर भूमि को सरकारी कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जफर खान की तलाश, खरीदारों की भी होगी जांच
चंदननगर पुलिस के अनुसार पूछताछ में अज्जू खां ने बताया कि उसका जीजा जफर खान पूरे मामले का मास्टरमाइंड है। उसने दलाल जावेद की मदद से प्लॉट बेचवाए। पुलिस ने आरोपितों के बैंक खातों की जानकारी भी मांगी है। प्रशासन अब उन सभी लोगों की जानकारी जुटा रहा है जिन्होंने ये प्लॉट खरीदे हैं। दलालों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जाएगी।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
- उल्लेखनीय है कि चार मई को भी प्रशासन ने इसी क्षेत्र में शासकीय भूमि पर की गई फेंसिंग और अस्थायी निर्माण हटाए थे। चेतावनी के बावजूद दोबारा अवैध कॉलोनी बसाने का प्रयास सामने आने पर इस बार एफआइआर, बेदखली और बुलडोजर कार्रवाई एक साथ की गई।
- कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिलेभर में शासकीय जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने और अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें- 2 घंटे सड़क पर तड़पता रहा घायल, न पुलिस पहुंची न एम्बुलेंस; शव के पास धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता
#सरकर #जमन #पर #नय #लकषम #नगर #क #खल #खतम #करड #क #भम #पर #चल #बलडजर #भमफय #अजज #गरफतर


Post Comment