×
Indore News: चंदन नगर से कालानी नगर लिंक रोड की चौड़ाई 60 फीट से 40 फीट करने पर अड़े रहवासी

Indore News: चंदन नगर से कालानी नगर लिंक रोड की चौड़ाई 60 फीट से 40 फीट करने पर अड़े रहवासी

इंदौर में चंदन नगर से कालानी नगर तक बनने वाली लिंक रोड की चौड़ाई को लेकर विवाद है। नगर निगम इसे 60 फीट चौड़ा करना चाहता है, जबकि स्थानीय निवासी इसे 40 फीट चौड़ा करने की मांग कर रहे हैं। निगम का तर्क है कि इससे ट्रैफिक कम होगा, लेकिन निवासियों को लगता है कि इससे उनके जीवन यापन पर असर पड़ेगा।

By Prashant Pandey

Publish Date: Sat, 07 Jun 2025 11:20:51 AM (IST)

Updated Date: Sat, 07 Jun 2025 11:29:02 AM (IST)

इंदौर में चंदन नगर से कॉलानी नगर जाने वाली सड़क। फाइल फोटो

HighLights

  1. फिलहाल यह सड़क कहीं 20 तो कहीं 25 फीट चौड़ी है।
  2. प्रभावित मकानों की लिस्ट तैयार करने का काम शुरू।
  3. एयरपोर्ट रोड का ट्रैफिक भी कम करेगी यह सड़क।

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर (Indore News)। चंदन नगर से कालानी नगर तक बनने वाली लिंक रोड की चौड़ाई को लेकर नया विवाद उत्पन्न हो गया है। नगर निगम इस सड़क की चौड़ाई 60 फीट रखना चाहता है, जबकि रहवासी इसे 40 फीट करने पर अड़े हुए हैं। निगम का तर्क है कि यह सड़क चंदन नगर और एयरपोर्ट रोड के ट्रैफिक को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इसलिए इसकी चौड़ाई 60 फीट रखना आवश्यक है।

दूसरी ओर, रहवासियों का कहना है कि वर्तमान में यह सड़क कहीं 20 तो कहीं 25 फीट चौड़ी है। यदि इसे 60 फीट करने के बजाय 40 फीट किया जाए, तो कई मकान टूटने से बचाए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा किया।

टीम तैयार कर रही प्रभावित मकानों की लिस्ट

टीम उन लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिनके मकान सड़क की चौड़ाई 60 फीट रखने की स्थिति में प्रभावित हो रहे हैं। निगम ऐसे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए फ्लैट आवंटित करने के लिए तैयार है, लेकिन रहवासी सड़क की चौड़ाई कम करने की मांग पर अड़े हैं।

उनका कहना है कि उन्हें विस्थापित किया गया, तो उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। रहवासी ईद के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मिलकर सड़क की चौड़ाई कम करने की मांग करेंगे।

naidunia_image

महापौर परिषद की मिल चुकी है स्वीकृति

निगम चंदन नगर से एयरपोर्ट के लिए सीधी कनेक्टिविटी के लिए 60 फीट चौड़ी लिंक रोड बनाने की योजना बना रहा है। महापौर परिषद सम्मेलन में इस पर स्वीकृति भी मिल चुकी है। यह सड़क चंदन नगर चौराहा से नगीन नगर, नंदन नगर और कालानी नगर होते हुए एयरपोर्ट रोड तक बनाई जाएगी।

कालानी नगर का हिस्सा पहले से बना हुआ है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि नंदन नगर तक कुछ मकान चौड़ीकरण में प्रभावित हो रहे हैं। जिन लोगों के मकान पूरी तरह से जा रहे हैं, उन्हें पीएम योजना में आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।

आसान नहीं होगी शिफ्टिंग

पार्षद पति रफीक खान का कहना है कि यह शिफ्टिंग आसान नहीं होगी। कोई घर के बाहर पंचर की दुकान चला रहा है, तो कोई चाय की। ऐसे में यदि इन्हें शिफ्ट किया गया, तो उनके व्यवसाय का क्या होगा? चौड़ाई 60 के बजाय 40 फीट कर दी जाए, तो अधिकांश मकान टूटने से बच जाएंगे।

निश्शुल्क देने होंगे आवास

नगर निगम को प्रधानमंत्री आवास निश्शुल्क प्रदान करने होंगे। कुछ सप्ताह पहले ही मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने इस संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश दिए थे। कोर्ट ने आरई-2 की जद में आ रहे लीजधारकों को निश्शुल्क आवास उपलब्ध कराने का आदेश दिया था।

जिनके मकान पूरे टूटेंगे उन्हें कितने फ्लैट देने होंगे

सेंट्रल लाइन डालने के बाद मकानों पर निशान भी लगा दिए गए हैं। सड़क की चौड़ाई 60 फीट रखने की स्थिति में जिन लोगों के मकान पूरी तरह टूट रहे हैं, उनके परिवार का सर्वे चल रहा है। पता लगाया जा रहा है कि कितने फ्लैट देने होंगे और कहां दिए जा सकते हैं। रहवासी चौड़ाई कम करने की मांग कर रहे हैं, हालांकि इस संबंध में अब तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। – डीआर लोधी, अधीक्षण यंत्री नगर निगम इंदौर

Source link
#Indore #News #चदन #नगर #स #कलन #नगर #लक #रड #क #चडई #फट #स #फट #करन #पर #अड #रहवस

Post Comment