खातीवाला टैंक स्थित रिजवानी उद्यान क्षेत्र के नर्मदा जल की जांच में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया पाया गया है। क्षेत्र के नलों से आने वाला पानी देखने में …और पढ़ें
HighLights
- रिजवानी उद्यान क्षेत्र में 4 महीने से समस्या, पीड़ित डॉक्टर ने निजी लैब में कराई जांच
- भागीरथपुरा के पानी में फीकल कंटामिनेशन व ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद अब खातीवाला टैंक इस समस्या की जद में आया है
- क्षेत्रवासियों का आरोप है कि चार महीने से नलों में यह दूषित पानी आ रहा है
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। खातीवाला टैंक स्थित रिजवानी उद्यान क्षेत्र के नर्मदा जल की जांच में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया पाया गया है। क्षेत्र के नलों से आने वाला पानी देखने में तो साफ नजर आता है, लेकिन इसे पीने के बाद रहवासी बुखार, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। इस समस्या से परेशान होकर खुद एक डॉक्टर ने तबीयत खराब होने पर पानी के नमूने की जांच निजी लैब से कराई, जिसमें पानी को पीने के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त बताया गया है।
भागीरथपुरा के पानी में फीकल कंटामिनेशन व ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद अब खातीवाला टैंक इस समस्या की जद में आया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि चार महीने से नलों में यह दूषित पानी आ रहा है। नगर निगम के जलकार्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। क्षेत्रवासियों ने अब पाइपलाइन की जांच कर सुधार की मांग की है।
जांच रिपोर्ट में क्या मिला
- ई-कोलाई बैक्टीरिया मौजूद
- टोटल बैक्टीरियल काउंट 100 से अधिक
- टोटल कोलीफॉर्म काउंट 100 से अधिक
- पानी की गुणवत्ता असंतोषजनक और पीने योग्य नहीं
डॉक्टर की पड़ताल: रिपोर्ट में पानी की गुणवत्ता असंतोषजनक
क्षेत्र के रहवासी डॉ. गुरमीत सिंह नारंग स्वयं इस पानी को पीने से बीमार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने पानी का नमूना निजी लैब में जांच के लिए भेजा था। लैब की जांच रिपोर्ट में पानी के भीतर ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। पानी में टोटल बैक्टीरियल काउंट और टोटल कोलीफॉर्म काउंट 100 से अधिक दर्ज किया है, जिसके चलते रिपोर्ट में इस पानी को सेहत के लिए नुकसानदेह माना गया है।
सेहत पर असर: पेट संबंधी संक्रमण, उल्टी-दस्त और घबराहट
नलजल में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी के कारण रिजवानी उद्यान क्षेत्र के कई घरों में लोग बीमारियों की चपेट में हैं। दूषित पानी के इस्तेमाल से लोगों में पेट संबंधी गंभीर संक्रमण, उल्टी-दस्त, बुखार, पेट दर्द और घबराहट जैसी बीमारियों के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि प्रशासन और निगम जल्द से जल्द प्रदूषण के मुख्य स्रोत का पता लगाए ताकि इस बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
#इदर #क #खतवल #टक #म #भ #घतक #ईकलई #बकटरय #वल #पन #पन #स #बमर #ह #रह #लग



Post Comment