×
इंदौर में रात में सड़कों पर उतरी पुलिस, 1218 बदमाश की तलाशी; 524 पर कार्रवाई

इंदौर में रात में सड़कों पर उतरी पुलिस, 1218 बदमाश की तलाशी; 524 पर कार्रवाई

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए इंदौर पुलिस ने शनिवार रात से रविवार तड़के तक ऑपरेशन नाइट डोमिनेशन चलाया। चारों जोन में एक साथ चले इस विशेष अभियान में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गुंडे-बदमाशों, चाकूबाजों, नकबजनों, लूट के आरोपितों और निगरानी बदमाशों की धरपकड़ और चेकिंग की।

पुलिस ने रातभर में 1218 से ज्यादा बदमाशों की तलाशी ली। इनमें से 524 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह हॉटस्पाट और शैडो एरिया में विशेष चेकिंग के साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी गई। पुलिस ने होटल, लॉज, रैन बसेरों सहित संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध लोगों की जांच की।

अभियान के दौरान वांछित आरोपितों के 275 से ज्यादा वारंट तामील कराए गए। इनमें 85 स्थायी वारंट, 76 गिरफ्तारी वारंट और 114 जमानती वारंट शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कई फरार आरोपित भी पुलिस के हाथ लगे, जिनके खिलाफ संबंधित मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रात की चेकिंग में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने 147 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा ब्लैक फिल्म, हूटर और मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात या अवैधानिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ 24 प्रकरण दर्ज किए। वहीं अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ तीन प्रकरण दर्ज किए गए।

565 से ज्यादा अपराधियों की अलग-अलग श्रेणियों में चेकिंग

पुलिस ने अपराधियों की सूची के आधार पर विशेष निगरानी की। इस दौरान 210 गुंडे-बदमाश, 86 चाकूबाज, 73 नकबजन, 30 लूट के आरोपित, 130 निगरानी बदमाश और 36 जिलाबदर बदमाशों सहित 565 से ज्यादा लोगों को चेक किया गया। पुलिस ने इन्हें भविष्य में अपराध नहीं करने की हिदायत भी दी।

75 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने 170 बीएनएसएस में 26, 129 बीएनएसएस में दो, 126बी/135(3) बीएनएसएस में 43 और 141(ख) बीएनएसएस में चार कार्रवाई की। इस तरह कुल 75 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई/समंस तामील किए गए।

डोजियर भरवाकर दिलाई अपराध नहीं करने की शपथ

अभियान के दौरान सक्रिय और आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भरवाए गए। पुलिस ने उन्हें रेड और यलो नोटिस देकर चेतावनी दी कि दोबारा अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई बदमाशों को भविष्य में अपराध नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।

#इदर #म #रत #म #सडक #पर #उतर #पलस #बदमश #क #तलश #पर #कररवई

Post Comment