बड़वानी शहर के एमजी रोड पर सीवरेज कार्य के बाद मरम्मत की गई सड़क की गुणवत्ता पर फिर सवाल उठे हैं। शनिवार दोपहर एक सीमेंट मिक्सर मशीन का पहिया सड़क में धंस गया, जिससे वाहन वहीं फंस गया। इस घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। सीवरेज कंपनी ने लाइन बिछाने के बाद एमजी रोड की मरम्मत की थी। हालांकि, मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क की स्थिति खराब हो गई थी। शनिवार को जब सीमेंट मिक्सर मशीन वहां से गुजर रही थी, तो सड़क का एक हिस्सा धंस गया और मशीन के पहिए उसमें फंस गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में आसपास के रहवासी मौके पर जमा हो गए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त की। दीपक, सुभाष और बद्रीलाल सहित अन्य रहवासियों ने आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग पर कई महीनों से सीवरेज कार्य के लिए खुदाई की जा रही है, लेकिन मरम्मत कार्य बेहद घटिया स्तर का है। सूचना मिलने पर सीवरेज कंपनी के प्रबंधक भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। रहवासियों ने कहा कि सड़क की मरम्मत केवल औपचारिकता मात्र है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क धंसने के बाद कंपनी ने तुरंत गिट्टी और सीमेंट मिश्रण डालकर स्थिति को सामान्य दिखाने का प्रयास किया, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। रहवासियों ने आशंका जताई कि आगामी वर्षा काल के दौरान स्थिति और बिगड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की कि इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी नुकसान हो सकता है। रहवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से पूरे कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने और सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। सीवरेज कंपनी के प्रबंधक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा लाइन बिछाने के बाद एमजी रोड की मरम्मत की गई थी। लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क के धसने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी है। फिर से सड़क की मरम्मत की जा रही है।
#एमज #रड #पर #धस #सवरज #रपयर #सडक #कपन #क #समट #मकसर #फस #रहवसय #न #जतई #नरजग #Barwani #News



Post Comment