नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कजलीखेड़ा स्थित केके रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था और दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम को रिसोर्ट में पार्टी मनाने गया था। उसने पूल में डाइव लगाई और फिर काफी देर तक बाहर नहीं निकला।
अचानक गायब होने पर दोस्तों ने उसे आसपास ढूंढा था, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया। करीब 15 मिनट बाद शव पूल में अतराया तब दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिस स्वीमिंग पूल में युवक डूबा है, उसकी गहराई करीब सात फीट है।
घटना की सूचना मिलने पर कजलीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय कुनाल महावत जहांगीराबाद स्थित बरखेड़ी क्षेत्र में रहता था। वह विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह अपने दोस्त अनीकेत शाक्य और दो अन्य साथियों के साथ कजलीखेड़ा स्थित अमरावत गांव में केके रिसोर्ट पहुंचा था। सभी दोस्त रिसोर्ट परिसर में मौजूद स्वीमिंग पूल में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान कुनाल ने वहां डाइव लगाई और कुछ देर में दोस्तों की नजर से ओझल हो गया।
शुरुआत में दोस्तों को लगा कि वह टायलेट या आसपास कहीं गया होगा, इसलिए उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद भी जब कुनाल वापस नहीं लौटा तो दोस्तों ने उसे फोन लगाया, लेकिन काॅल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद सभी ने उसकी तलाश शुरू की।
करीब 15 से 20 मिनट तक रिसोर्ट परिसर और बाहर आसपास खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बाद में जब दोस्त स्विमिंग पूल की ओर पहुंचे तो कुनाल का शव पानी में अतराता दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दोस्तों ने तत्काल उसे पूल से बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से उसे जेके अस्पताल रेफर कर दिया गया। जेके अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्त अनीकेत शाक्य ने बताया कि कुनाल को अच्छी तरह तैरना नहीं आता था।
आशंका जताई जा रही है कि वह नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। कजलीखेड़ा थाना प्रभारी पल्लवी पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। शुरूआती जांच में डूबने से मौत होने की बात सामने आ रही है।
रिसोर्ट में सुरक्षा इंतजाम नहीं
युवक की मौत के बाद केके रिसोर्ट में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के समय स्विमिंग पूल के आसपास कोई लाइफगार्ड मौजूद नहीं था। न ही तत्काल बचाव के पर्याप्त इंतजाम दिखाई दिए। यदि पूल पर निगरानी और सुरक्षा उपकरण मौजूद होते तो संभवतः युवक की जान बचाई जा सकती थी।
#भपल #म #सवमग #पल #म #डबकर #वधयक #सबनन #क #करमचर #क #मत #सथ #तर #रह #दसत #क #पत #भ #नह #चल



Post Comment