अधिकारियों-स्वास्थ्य कर्मियों और पत्रकारों ने बढ़ाया मदद का हाथ
मनेंद्रगढ़। मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस जनहितकारी अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 56 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने स्वयं पूरे कार्यक्रम की सतत निगरानी करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उनके नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग की टीम भावना के कारण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर में लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र राणा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उनके साथ चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, मैदानी अमले तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर यही रक्त किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गंभीर रोगी, गर्भवती महिला अथवा आपातकालीन मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और जन कल्याण के संकल्प तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. वासिक असदक, डॉ. सुधांशु पटेल, शिशिर जायसवाल, बीपीएम सुलेमान खान, सोमेंद्र मंडल, अवनीश पाण्डेय, दीपक चौधरी, संतोष नायक, परमेंद्र सिंह सहित अनेक स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
केल्हारी, बिहारपुर, नागपुर, खोंगापानी, मनेंद्रगढ़, बेलबहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान की यह भावना जरूरतमंद मरीजों के लिए नई उम्मीद और नया जीवन लेकर आएगी। शिविर ने एक बार फिर साबित किया कि “रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचा सकता है।“
#रकतदन #क #महयजञ #यनट #रकतदन #स #बचग #कई #जदगय #मखय #चकतस #एव #सवसथय #अधकर #ड #अवनश #खर #क #नततव #म #सफल #हआ #वशल #रकतदन #शवर



Post Comment