विदिशा में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व आज अकीदत, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे शहर में त्योहार को लेकर खुशी का माहौल रहा। मुख्य आयोजन विवेकानंद चौराहा स्थित ईदगाह मैदान में हुआ। यहां बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी एकत्रित हुए। शहर काजी सैयद साजिद अली ने सामूहिक रूप से ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार का उल्लास दिखाई दिया। इस अवसर पर शहर काजी सैयद साजिद अली ने अपने संबोधन में भाईचारे और देश में अमन-चैन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से फिजूलखर्ची से बचने की अपील भी की। ईदगाह परिसर में कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे और मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं दीं। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जिसमें ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न थानों का पुलिस बल शामिल था। ग्वालियर से आए बीएसएफ के 58 जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। एसपी, एएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार शहर का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस पर्व ने एक बार फिर शहर में भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की।
#वदश #म #बकरद #पर #अमनचन #क #लए #हआ #सजद #लग #न #मग #अमनचन #क #दआ #शहर #कज #न #क #फजलखरच #स #बचन #क #अपल #Vidisha #News



Post Comment