×
भोपाल में लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से जानलेवा हमला, फिर प्रेमी ने खुद पर चाकू से वार कर खत्म कर ली अपनी जिंदगी

भोपाल में लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से जानलेवा हमला, फिर प्रेमी ने खुद पर चाकू से वार कर खत्म कर ली अपनी जिंदगी

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित सोनागिरी इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर सरेराह हथौड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इसके बाद लोगों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने खुद पर चाकू से वार कर लिया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण आरोपित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

पिपलानी पुलिस के अनुसार 60 क्वार्टर झुग्गी, पिपलानी निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया निजी वाहन चालक था। उसकी पहली पत्नी की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी थी और उसके पांच बच्चे हैं।

पिछले कुछ समय से वह सतनामी नगर निवासी 42 वर्षीय कल्पना भारती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कल्पना अपने पति से अलग रहकर घरों में काम करती थी।

काम पर जाते समय किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कल्पना काम पर जाने के लिए निकली। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण हथौड़ा छिपाकर उसके पीछे-पीछे चल पड़ा।

सुबह करीब 11 बजे रिलायंस डिजिटल शोरूम के पीछे उसने कल्पना को रोक लिया और अचानक उसके सिर पर हथौड़े से लगातार कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

लोगों ने पकड़ने की कोशिश की तो खुद पर किया वार

घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने जेब से धारदार चाकू निकाल लिया और अपने गले व पेट पर वार कर लिया।

गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल कल्पना को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने हथौड़ा और चाकू जब्त किए

घटना की सूचना मिलते ही पिपलानी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा व चाकू जब्त कर लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चरित्र शंका को लेकर होता था विवाद

शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक लक्ष्मण प्रसाद अपनी महिला मित्र के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह भी इसी बात पर झगड़ा होने की जानकारी मिली है। जिसके बाद महिला पर हथौड़े से जानलेवा हमला किया और बाद में खुद पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली। महिला का उपचार जारी है। मामले में जांच की जा रही है।- गौतम सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, भोपाल

Source link
#भपल #म #लवइन #परटनर #पर #हथड #स #जनलव #हमल #फर #परम #न #खद #पर #चक #स #वर #कर #खतम #कर #ल #अपन #जदग

Post Comment