- Hindi News
- Sports
- Ansy Sowjanya Shatters National Record In Long Jump; Joins Asias Top 8
भुवनेश्वर4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एंसी सोजन एशियन गेम्स 2023 लॉन्ग जम्प में सिल्वर भी जीत चुकीं हैं।
केरल की लंबी कूद खिलाड़ी एंसी सोजन ने भारतीय एथलेटिक्स में इतिहास रच दिया। उन्होंने शनिवार को नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 6.88 मीटर की छलांग लगाकर अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 25 साल की एंसी ने यह रिकॉर्ड अपने पांचवें प्रयास में बनाया। उन्होंने अंजू बॉबी जॉर्ज के 6.83 मीटर को पीछे छोड़ा। यह उन्होंने 2004 एथेंस ओलिंपिक में बनाया था। यह भारतीय एथलेटिक्स के सबसे पुराने रिकॉर्ड में से एक था।
खास बातें
- एंसी सोजन ने राष्ट्रीय खिताब भी जीता।
- एंसी एशियाई इतिहास की 8वीं बेस्ट विमेंस लॉन्ग जम्पर बनीं।
- पिछले 20 साल में 6.85 मीटर से ज्यादा छलांग लगाने वाली एशिया की सिर्फ दूसरी महिला बनीं।
भारतीय एथलेटिक्स का बड़ा रिकॉर्ड टूटा
अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2004 एथेंस ओलिंपिक में 6.83 मीटर की छलांग लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद दो दशकों तक कोई भी भारतीय महिला इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सकी।
अंजू 2003 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट भी थीं। उनका यह रिकॉर्ड भारतीय एथलेटिक्स की पहचान माना जाता था। अब एंसी ने उसे अपने नाम कर लिया है।
एशिया में भी बनाई खास पहचान
6.88 मीटर की छलांग के साथ एंसी एशियाई इतिहास की 8वीं बेस्ट महिला लॉन्ग जम्पर बन गई हैं। इतना ही नहीं, पिछले 20 साल में 6.85 मीटर से ज्यादा छलांग लगाने वाली वह सिर्फ दूसरी एशियाई महिला हैं। यह प्रदर्शन इस साल होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप से पहले भारत के लिए भी बड़ी उम्मीद लेकर आया है।
लगातार बेहतर हो रहा है प्रदर्शन
नेवी को रिप्रेजेंट करने वाली एंसी पिछले कुछ सालों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में सिल्वर जीता था। इसके बाद 2025 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी सिल्वर अपने नाम किया था।
इस साल रांची में हुए फेडरेशन कप में उन्होंने 6.76 मीटर की छलांग लगाकर अपना बेस्ट प्रदर्शन किया था। उसी दौरान उन्होंने एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन मार्क भी हासिल कर लिया था। अब उन्होंने अपना ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सुधारते हुए नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया।

हार्मोनल समस्या से जूझीं, फिर की शानदार वापसी
पिछले साल एंसी हार्मोनल समस्या के कारण वजन बढ़ने से जूझ रही थीं। उन्होंने बताया था कि वजन कम करना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद उन्होंने खान-पान पर नियंत्रण रखा और कड़ी मेहनत जारी रखी।
एंसी ने कहा था-
अगर अच्छा प्रदर्शन करना है तो त्याग और अनुशासन जरूरी है। मेरे कोच अनूप जोसेफ ने मुझे यही समझाया। ट्रेनिंग में किए गए बदलाव का फायदा अब दिख रहा है।

इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में कई रिकॉर्ड बने
इंटर-स्टेट चैंपियनशिप के चौथे दिन सिर्फ एंसी ही नहीं, पुरुषों की हाई जंप में सर्वेश कुशारे ने भी तेजस्विन शंकर का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस तरह टूर्नामेंट के चौथे दिन भारतीय एथलेटिक्स में दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने।
सर्वेश ने 2.31 मीटर की शानदार छलांग लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही वे 2.30 मीटर को पार करने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर बन गए। इससे पहले तेजस्विन शंकर ने 2018 में 2.29 मीटर का जम्प लगाया था। सर्वेश ने 2026 एशियाई खेलों के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

#सजन #न #तड #अज #जरज #क #सल #परन #रकरड6.88 #मटर #क #छलग #लगकर #रच #इतहस #एशय #क #टप8 #जमपरस #म #शमल



Post Comment