नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में आवासीय योजनाओं की बढ़ती मांग और अटल कुंज टावर व थाटीपुर पुनर्घनत्वीकरण जैसे प्रोजेक्टों की प्रगति अटकने पर मध्यप्रदेश हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड ने सूर्यनगर फेज-2 आवासीय योजना को अमलीजामा पहनाने की दिशा में कदम उठाया है। बोर्ड ने करीब 78.27 करोड़ रुपये की लागत से 252 आवासों और उनसे संबंधित विकास कार्यों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
योजना के तहत मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए आवास तैयार किए जाएंगे। इनके साथ सड़क, सीवर लाइन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित पूरी कॉलोनी की आधारभूत अधोसंरचना विकसित की जाएगी। योजना में कुल 252 आवास बनाए जाएंगे। इनमें 27 एचआईजी-ए, 56 एचआईजी-बी, 40 एमआईजी-ए तथा 129 एमआईजी-बी श्रेणी के मकान शामिल हैं। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए ठेकेदार को 30 माह का समय दिया जाएगा, जिसमें वर्षाकाल भी शामिल रहेगा।
शहर में व्यवस्थित आवासीय कॉलोनियों की मांग
हाउसिंग बोर्ड की यह योजना ऐसे समय सामने आई है, जब शहर में व्यवस्थित आवासीय कालोनियों की मांग लगातार बढ़ रही है। पिछले कुछ वर्षों में निजी कॉलोनियों का विस्तार तो हुआ है, लेकिन सरकारी स्तर पर नई आवासीय योजनाएं सीमित रही हैं। ऐसे में सूर्यनगर फेज-2 परियोजना को बोर्ड की महत्वपूर्ण आवासीय योजना माना जा रहा है। इस योजना में केवल मकानों के निर्माण पर ही जोर नहीं दिया गया है, बल्कि पूरी कॉलोनी को विकसित करने का प्रविधान भी किया गया है।
विकास कार्यों में आंतरिक सड़कें, ड्रेनेज नेटवर्क, सीवर लाइन, पेयजल आपूर्ति, विद्युत अधोसंरचना तथा अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। इससे परियोजना केवल मकानों का समूह न होकर एक पूर्ण विकसित आवासीय परिसर के रूप में तैयार होगी।
20 हेक्टेयर जमीन पर होंगे विकास कार्य, 40 से 70 लाख होगी कीमत
वर्ष 2011 में हाउसिंग बोर्ड ने शासन से भिंड रोड पर बरेठा के पास में 23.058 हेक्टेयर जमीन ली थी। वर्ष 2013 में इसका पजेशन प्राप्त हो गया था। इसके बाद पहले चरण में यहां तीन हेक्टेयर जमीन पर 191 आवास तैयार किए गए थे, जिनकी रजिस्ट्री कर पजेशन भी प्रदान कर दिया गया। आवासों के लिए पांच करोड़ रुपये की लागत से नया विद्युत सब स्टेशन भी तैयार किया जा चुका है।
अब दूसरे चरण में 20 हेक्टेयर जमीन पर 252 मकानों का निर्माण किया जाएगा, जो पूरी तरह से उच्च आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के लिए होंगे। इन आवासों की कीमत 40 लाख से लेकर 70 लाख रुपये तक होगी।
ये भी होंगे विकास कार्य
ग्वालियर बायपास से सिर्फ 200 मीटर दूरी पर तैयार किए जा रहे सूर्य नगर फेज-2 में 10 लाख लीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 10 लाख लीटर का ओवरहेड टैंक और 10 लाख लीटर क्षमता का ही संपवेल भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा आवासीय परिसर में दो पार्क और 18 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कें तैयार की जाएंगी। इस आवासीय परिसर की कोई भी सड़क 25 फीट से कम चौड़ी बिल्कुल नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के रेल यात्रियों की बढ़ी मुसीबतें, इंदौर और एलटीटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें 3 अगस्त तक निरस्त, रेलवे ने जारी की सूची
सूर्य नगर फेज-2 को विकसित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की गई है। यहां अलग-अलग श्रेणी के 252 आवास तैयार किए जाएंगे। कॉलोनी में अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। जल्द ही इन आवासों की बुकिंग भी शुरू की जाएगी। – राजेंद्र तिवारी, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड
#गवलयर #म #परवर #क #मलग #नए #घर.. #करड #खरच #कर #बसई #जएग #सरयनगर #फज2 #कलन



Post Comment