×
इंदौर में गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार तक 95 बाधक मकानों पर 200 से ज्यादा निगमकर्मियों ने 8 घंटे तक चलाए हथौड़े

इंदौर में गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार तक 95 बाधक मकानों पर 200 से ज्यादा निगमकर्मियों ने 8 घंटे तक चलाए हथौड़े

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार तक प्रस्तावित मास्टर प्लान की 60 फीट चौड़ी सड़क में बाधक मकानों के विरुद्ध सोमवार को नगर निगम ने रिमूवल की कार्रवाई की। इस प्रस्तावित सड़क में 95 बाधक मकान चिह्नित किए गए थे।

किसी मकान का पांच फीट हिस्सा चौड़ीकरण में बाधक था तो किसी का 20 फीट। 15 मकान ऐसे भी थे जो पूरी तरह से चौड़ीकरण की जद में थे। इन्हें पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। लगभग आठ घंटे चली कार्रवाई में निगम के 200 से ज्यादा कर्मचारी शामिल हुए।

रहवासियों का आरोप है कि निगम ने उन्हें शनिवार रात को ही नोटिस दिए थे

कार्रवाई के दौरान कई बार विवाद की स्थिति भी बनी। रहवासियों का आरोप है कि निगम ने उन्हें शनिवार रात नोटिस दिए और सोमवार सुबह कार्रवाई कर दी। हमें अपने घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं दिया गया। जिन मकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई उनमें से कई तो 100 साल से ज्यादा पुराने थे। पोकलेन मशीन का पंजा लगते ही ये मकान भरभराकर गिर पड़े। रहवासियों का आरोप है कि निगम ने बाधक मकानों पर जहां निशान लगाया था उससे ज्यादा तोड़फोड़ की गई।

टीम को देखते ही पूरे क्षेत्र में हडकंप मच गया

निगम की रिमूवल टीम सोमवार सुबह सात बजे गुटकेश्वर महादेव मंदिर चौराहा पहुंच गई थी। टीम को देखते ही पूरे क्षेत्र में हडकंप मच गया। निगम ने तीन दिन पहले नोटिस देकर रहवासियों से मकान खाली करने के लिए कहा था, लेकिन कई लोगों ने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। जैसे ही निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू करने की घोषणा की, लोग घरों से सामान निकालने के लिए दौड़ पड़े। कार्रवाई शाम करीब 4 बजे तक चली। अब निगम अगले तीन दिन में क्षेत्र से मलबा उठाने का काम करेगा। इसके बाद सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा।

19 परिवारों को देंगे फ्लैट

नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि 15 मकान शत प्रतिशत चौड़ीकरण की जद में आ रहे थे। इन मकानों में 19 परिवार रह रहे थे। इन सभी को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कैट रोड स्थित ताप्ति परिसर में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

80 से सौ साल पुराने थे कई मकान

गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार तक कई ऐसे मकान भी चौड़ीकरण की जद में थे जो 80 से 100 साल तक पुराने थे। इन मकानों का कुछ ही हिस्सा बाधक था, लेकिन जैसे ही मशीन का पंजा लगा पूरा मकान ही भरभराकर गिर गया।

चार पीढ़ियां इसी मकान में रहीं, अब कहां जाएंगे

रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने उन्हें कार्रवाई से पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी। न फ्लैट दिए न प्लाट और न मुआवजा और उनके मकान तोड़ दिए। दशकों पुराने मकान जिनमें चार-चार पीढ़ियां रहीं, उन्हें तीन दिन का नोटिस देकर तोड़ दिया गया। रहवासी समझ नहीं पा रहे हैं कि अब वे क्या करें। बुजुर्ग कृष्णा पाठक ने रोते हुए कहा कि पिछली चार पीढ़ी से हमारा परिवार गुटकेश्वर मंदिर रोड पर रह रहा है। इस मकान में पांच परिवार रहते थे। अब कहां रहेंगे। हमारे मकान के सामने शासकीय भूमि खाली पड़ी है, लेकिन फिर भी हमारा मकान तोड़ दिया।

छह फीट किचन बचा है

रहवासी राजकुमारी ने नम आंखों से बताया कि परिवार में हम सिर्फ पति-पत्नी हैं। हमें कोई वैकल्पिक स्थान भी नहीं दिया गया। हमारे मकान का 15 फीट से ज्यादा हिस्सा टूट गया है। जो हिस्सा बचा है वह हमारा किचन है। यह बमुश्किल पांच-छह फीट है। समझ नहीं आ रहा कि हम कहां जाएं। कहां गुहार लगाएं। अधिकारियों का कहना है कि जो हिस्सा बचा है वह भी खतरनाक है। इसे भी तोड़ना पडेगा।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने कहा – भाजपा अहंकार में काम कर रही है

कार्रवाई के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि निगम ने इस सड़क पर ऐसा आतंक मचा दिया है जैसे यहां के रहवासियों ने कोई गुनाह कर दिया हो। शहर में दर्जनों काम अधूरे पड़े हैं। उन्हें पूरा करने के बजाय निगम मनमानी पर उतर आया है। चौकसे ने कहा कि भाजपा अहंकार में काम कर रही है। कांग्रेस प्रभावितों की आवाज उठाएगी।

महापौर बोले जल्द ही चालू करेंगे काम

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर के दीर्घकालिक विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान की सड़कों का निर्माण महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाने के बाद शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

यह होगा फायदा

गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार तक 60 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण होने के बाद क्षेत्र की यातायात समस्या को हल करने में मदद मिलेगी। सिंहस्थ के दौरान उज्जैन की ओर से आने वाले वाहनों को परिवर्तित मार्ग से भेजा जा सकेगा। सिर्फ इतना ही नहीं मरीमाता चौराहा की ओर से सदर बाजार की ओर आने वाले यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। इंदौरवासियों को जिंसी से सदर बाजार तक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

Source link
#इदर #म #गटकशवर #महदव #मदर #स #सदर #बजर #तक #बधक #मकन #पर #स #जयद #नगमकरमय #न #घट #तक #चलए #हथड

Post Comment