×
इंदौर में यूपीएससी की असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में 40 प्रतिशत ही रही उपस्थिति

इंदौर में यूपीएससी की असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में 40 प्रतिशत ही रही उपस्थिति

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संघ लोक सेवा आयोग ने रविवार को सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा 2026 का आयोजन किया। इंदौर में बने छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 2398 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। दोनों सत्रों को मिलाकर करीब 40 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। पहला सत्र सुबह 10 से 12 बजे तक चला। इसमें सामान्य योग्यता एवं बुद्धिमत्ता का 250 अंकों का आब्जेक्टिव पेपर हुआ।

इसमें सामान्य मानसिक क्षमता, सामान्य विज्ञान, समसामयिक घटनाएं, भारतीय राजनीति, अर्थव्यवस्था और भारत व विश्व के भूगोल से प्रश्न पूछे गए। पहले सत्र में लगभग 42 प्रतिशत उपस्थिति रही। दूसरा सत्र दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुआ। इसमें सामान्य अध्ययन, निबंध और बोध का वर्णनात्मक पेपर लिया गया। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों की लेखन क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और भाषा कौशल जांचना था। दूसरे सत्र में करीब 39 प्रतिशत अभ्यर्थी पहुंचे। परीक्षा समन्वयक उपायुक्त सपना लोवंशी ने बताया कि किसी भी केंद्र पर नकल का मामला सामने नहीं आया।

फेस आथेंटिकेशन से हुई पहचान

परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के गेट परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले बंद कर दिए गए। सभी अभ्यर्थियों की मोबाइल एप के जरिए फेस आथेंटिकेशन कर पहचान सत्यापित की गई। केंद्रों पर मोबाइल, स्मार्टवाच और अन्य डिजिटल उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों को केवल ब्लैक बाल पेन, पेंसिल, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और फोटो ले जाने की अनुमति थी।

नकल रोकने पर विशेष नजर

परीक्षा में नकल रोकने के लिए आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। पोस्ट मास्टर जनरल अजय बाफना, सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी, प्राध्यापक डीके गुप्ता, बिजली कंपनी के अधिकारी अनुज गुप्ता और पर्यवेक्षक जितेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

अभ्यर्थियों का अनुभव, मध्यम स्तर का था पहला पेपर

अभ्यर्थी अमित जोशी ने बताया कि पहला पेपर मध्यम स्तर का था। करंट अफेयर्स और भारतीय राजनीति के कुछ प्रश्न कठिन लगे। सामान्य विज्ञान और रीजनिंग के सवाल संतुलित थे। दूसरे पेपर में निबंध और विश्लेषणात्मक प्रश्न पूछे गए। कुल मिलाकर स्कोरिंग प्रभावित हो सकती है और कटआफ कम रहने की संभावना है।

विशेषज्ञ बोले- पेपर संतुलित

कोचिंग विशेषज्ञ सत्येंद्र जैन ने कहा कि इस वर्ष का प्रश्नपत्र यूपीएससी के निर्धारित पैटर्न के अनुरूप था। पेपर संतुलित रहा। जिन अभ्यर्थियों ने समसामयिक घटनाओं, सामान्य अध्ययन और लेखन अभ्यास पर नियमित तैयारी की है, उनके लिए प्रश्न आसान रहे। राजनीतिक और करंट अफेयर से जुड़े सवालों की संख्या अधिक थी, जिससे तैयारी करने वालों को फायदा मिला। सीएपीएफ एसी परीक्षा देशभर में अर्धसैनिक बलों में असिस्टेंट कमांडेंट के पदों के लिए आयोजित की जाती है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद फिजिकल टेस्ट, मेडिकल और इंटरव्यू भी शामिल होते हैं। इंदौर में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।

यह भी पढ़ें : इंदौर में कचरे के साथ फेंक दिया 2 किलो वजनी चांदी का कलश, निगमकर्मियों ने ट्रेंचिंग ग्राउंड से खोजकर लौटाया

#इदर #म #यपएसस #क #अससटट #कमडट #परकष #म #परतशत #ह #रह #उपसथत

Previous post

IND vs ENG: लॉर्ड्स में हार के बाद शुभमन गिल ने गेंदबाजों पर फोड़ा ठीकरा, बताया कैसे 3 ओवर पड़े भारी

Next post

इंदौर जिले में वनकर्मियों पर हमले के बाद बदली रणनीति, टास्क फोर्स करेगा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

Post Comment