×
ओंकारेश्वर में ऑनलाइन शीघ्र दर्शन की सुविधा बढ़ी, अब रोज 6 हजार श्रद्धालु करा सकेंगे बुकिंग

ओंकारेश्वर में ऑनलाइन शीघ्र दर्शन की सुविधा बढ़ी, अब रोज 6 हजार श्रद्धालु करा सकेंगे बुकिंग

जिला प्रशासन ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की ऑनलाइन शीघ्र दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।

Publish Date: Sat, 27 Jun 2026 06:38:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 27 Jun 2026 06:38:30 PM (IST)

ओंकारेश्वर में ऑनलाइन शीघ्र दर्शन की सुविधा बढ़ी

नईदुनिया न्यूज, सिद्धवरकूट। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुगम और समयबद्ध दर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की ऑनलाइन शीघ्र दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। सावन में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अब प्रतिदिन उपलब्ध ऑनलाइन शीघ्र दर्शन टिकटों की संख्या 4,000 से बढ़ाकर 6,000 कर दी गई है। नई व्यवस्था 27 जून से लागू हो गई है।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रतिदिन 2,000 अतिरिक्त ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे अधिक श्रद्धालु पहले से ऑनलाइन बुकिंग कर समयबद्ध और सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सकेंगे। साथ ही सामान्य दर्शन की कतारों पर भी दबाव कम होगा।

शीघ्र दर्शन टिकट का शुल्क 300 रुपये निर्धारित

प्रत्येक शीघ्र दर्शन टिकट का शुल्क 300 रुपये निर्धारित है। पहले 4,000 टिकटों से प्रतिदिन लगभग 12 लाख रुपये की आय होती थी। अब 6,000 टिकटों से यह आय बढ़कर करीब 18 लाख रुपये प्रतिदिन हो जाएगी। यानी केवल शीघ्र दर्शन टिकटों से ही मंदिर को प्रतिदिन लगभग 6 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होगी। अन्य श्रेणियों के टिकटों से करीब 3 लाख रुपये अतिरिक्त आय होने का भी अनुमान है।

श्रद्धालुओं को समय पर दर्शन का लाभ मिलेगा

स्थानीय पुजारी पंडित नीलेश पुरोहित ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को समय पर दर्शन का लाभ मिलेगा और मंदिर की दर्शन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु होगी। सावन के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

#ओकरशवर #म #ऑनलइन #शघर #दरशन #क #सवध #बढ #अब #रज #हजर #शरदधल #कर #सकग #बकग

Post Comment