×
खाद्य विभाग की कार्रवाई, 3.61 लाख की सामग्री जब्त:  लखनादौन में दो जगह छापे, मिठाई के लिए सैंपल – Seoni News

खाद्य विभाग की कार्रवाई, 3.61 लाख की सामग्री जब्त: लखनादौन में दो जगह छापे, मिठाई के लिए सैंपल – Seoni News


खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए अपना जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को लखनादौन और भीमगढ़ क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 3 लाख 61 हजार रुपये मूल्य की बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की अधिकारी सोनू तिवारी ने बताया कि संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। यह अभियान उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लखनादौन स्थित बलराम दूध डेयरी एवं कुंदा निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तैयार किए जा रहे कुंदा का नमूना लेकर विभागीय परीक्षण विधि से गुणवत्ता की जांच की गई, जिसमें कुंदा अमानक पाया गया। इसके बाद मौके से करीब 400 किलोग्राम कुंदा जब्त किया गया। इसी प्रतिष्ठान में मानव उपभोग के लिए बिक्री हेतु रखा लगभग 35 किलोग्राम घी भी जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण की व्यवस्था अस्वच्छ परिस्थितियों में पाई गई, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया है। इस उल्लंघन के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत संबंधित कारोबारी को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने प्रतिष्ठान में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण एवं भंडारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में भीमगढ़ क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। यहां से सोनपपड़ी, गुलाब जामुन, दही और पनीर के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोनू तिवारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, जिससे मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला और मैजिक बॉक्स के माध्यम से जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में अमानक या असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री को स्वच्छ वातावरण में तैयार करें, उचित तापमान पर रखें और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं।

#खदय #वभग #क #कररवई #लख #क #समगर #जबत #लखनदन #म #द #जगह #छप #मठई #क #लए #सपल #Seoni #News

Post Comment