- Hindi News
- Sports
- Novak Djokovic Wimbledon Quarter Final 2026; Auger Aliassime | Tennis News
लंदन2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
39 साल के नोवाक जोकोविच विंबलडन इतिहास का सबसे लंबा पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर अपने से 14 साल छोटे कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 5 घंटे 15 मिनट में 7-6 (10), 3-6, 6-3, 6-7 (4), 7-6 (4) से हराया। इससे पहले 2008 में रेनर शुटलर और अरनो क्लेमेंट के बीच का क्वार्टर फाइनल 5 घंटे 12 मिनट तक चला था।
जोकोविच ओपन एरा में सबसे ज्यादा 5 सेट के ग्रैंड स्लैम मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने अपने ग्रैंड स्लैम करियर का 50वां 5 सेट सिंगल्स मैच खेलकर स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका (49 बार) का रिकॉर्ड तोड़ा। वे ओपन एरा में किसी एक ग्रैंड स्लैम में 15 मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने। रोजर फेडरर ने ऑस्ट्रेलिया ओपन और राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन में यह उपलब्धि हासिल की है।

फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराने के बाद जश्न मनाते नोवाक जोकोविच।
5 घंटे बाद सुपर टाई-ब्रेक में हुआ फैसला
सेंटर कोर्ट पर खेला गया मुकाबला शुरू से आखिर तक रोमांचक रहा। जोकोविच ने 7-6 (10), 3-6, 6-3, 6-7 (4), 7-6 (4) से जीत दर्ज की। पांच घंटे से ज्यादा चले संघर्ष के बाद दोनों खिलाड़ी थक चुके थे और मुकाबले का फैसला पांचवें सेट के सुपर टाई-ब्रेक में हुआ।

पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे से बधाई स्वीकार करते नोवाक जोकोविच (बाएं)।
22 शॉट की रैली बनीं टर्निंग पॉइंट
सुपर टाई-ब्रेक में 22 शॉट की लंबी रैली मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुई। जोकोविच ने ऑगर-अलियासिमे को कोर्ट के दोनों कोनों पर दौड़ाया और आखिर में कनाडाई खिलाड़ी का फोरहैंड बाहर चला गया। इससे जोकोविच ने 9-4 की बढ़त बना ली। इसके बाद अगले ही पॉइंट पर मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

नोवाक जोकोविच के फोरहैंड शॉट का रिटर्न लेने की कोशिश करते फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे।
जोकोविच लगातार 8वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचे
इस जीत के साथ जोकोविच लगातार आठवीं बार विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंच गए। उन्होंने इस मामले में रोजर फेडरर के लगातार सात सेमीफाइनल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब शुक्रवार को सेमीफाइनल में उनका सामना दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी और डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर से होगा।
सिनर ने जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 7-5, 7-6 (4), 6-3 से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई। पिछले साल विंबलडन सेमीफाइनल में सिनर ने जोकोविच को सीधे सेटों में हराया था, जबकि इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनल में जोकोविच ने सिनर को पांच सेट तक चले मुकाबले में मात दी थी।

जान-लेनार्ड स्ट्रफ को हराने के बाद खुशी का इजहार करते जैनिक सिनर।
जोकोविच के मैच में बने रिकॉर्ड
- जोकोविच 39 साल और 38 दिन की उम्र में विंबलडन पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। यह रिकॉर्ड केन रोसेवाल (39 साल 234 दिन) के नाम था।
- जोकोविच ने विंबलडन पुरुष एकल में अपनी 107वीं जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा मैच जीतने का अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। उन्होंने पिछले मैच में यह रिकॉर्ड तोड़ा था।
- जोकोविच करियर में 55वीं ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंचे और इस मामले में भी अपना सर्वकालिक रिकॉर्ड आगे बढ़ाया। उनके बाद रोजर फेडरर (46 बार) दूसरे स्थान पर हैं।
मैच के दौरान चोट और रूफ बंद करने पर नाराजगी
पहले सेट के दौरान जोकोविच को टखने और पिंडली में परेशानी महसूस हुई। उन्होंने मेडिकल टाइमआउट लिया, जिसके बाद ट्रेनर ने उनके बाएं टखने और पिंडली की जांच कर मसाज की। पट्टी बंधवाने के बाद उन्होंने मुकाबला जारी रखा।
दूसरे सेट के बाद सेंटर कोर्ट की छत बंद करने के फैसले पर भी जोकोविच ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘हम आउटडोर टूर्नामेंट खेल रहे हैं और बाहर इतनी रोशनी थी कि एक और सेट आसानी से खेला जा सकता था।’

फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान नोवाक जोकोविच का उत्साह बढ़ाते उनके प्रशंसक।
बताया- चौथे सेट के बाद बच्चों से सो जाने के लिए कहा था
मैच के बाद 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ने कहा, ‘मैं आज भी टेनिस ऐसे ही ऐतिहासिक पलों के लिए खेलता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अब भी इन युवाओं से मुकाबला कर सकता हूं। यह मेरे लिए सुखद आश्चर्य है।’
सिनर से अगली भिड़ंत पर जोकोविच ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘काश यह फाइनल होता, ताकि मुझे यह चिंता न करनी पड़ती कि कल मेरा शरीर कैसा महसूस करेगा।’
उन्होंने बताया कि चौथे सेट के बाद बच्चों से सो जाने के लिए कहा था, लेकिन वे नहीं माने। अच्छा हुआ कि वे रुके रहे, क्योंकि यह मेरे करियर में सेंटर कोर्ट पर खेले गए सर्वश्रेष्ठ मैचों में से एक था।’
———————————————

#जकवच #न #खल #वबलडन #इतहस #क #सबस #लब #कवरटर #फइनल5.15 #घट #चल #मच #म #सल #छट #खलड़ #क #हरय #यह #50व #सट #मच



Post Comment