Delhi Weather: दिल्ली के साथ ही एनसीआर में बुधवार को सुबह से बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे मौसम सुहाना हो गया। बारिश के चलते हवा साफ होकर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई।
संजय कुशवाहा, नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश भी हुई। इससे अधिकतम तापमान में साढ़े 4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम
दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में बुधवार की सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ ही बादल कम होने लगे और हल्की धूप निकली। लेकिन, दस बजे के बाद से फिर बादल घने होने लगे। दिन में कई जगहों पर झमाझम बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली के आयानगर मौसम केन्द्र में 3.9 मिमी, पालम में 3.1 मिमी और लोधी रोड पर 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बादल छाए रहने के चलते मौसम में बनी गर्मी कम हुई और नम हवाओं के चलते मौसम सुहाना हो गया।
अधिकतम तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली में मंगलवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 73 से 86 फीसदी तक दर्ज किया गया।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर जगहों पर बादल छाए रहेंगे और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके चलते दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बारिश वाला मौसम शुक्रवार को भी बना रहेगा।
परसों भी झमाझम बारिश, कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर आंधी-तूफान और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम यानी झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इसी दिन दोपहर से रात के दौरान भी हल्की बारिश की संभावना है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
5 से 8 सितंबर के दौरान बारिश नहीं, तापमान पर भी अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 8 सितंबर के दौरान दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार नहीं हैं। 5 से 8 सितंबर के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। एनसीआर के शहरों नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कमोबेश दिल्ली जैसा ही मौसम रहने की संभावना है।
दिल्ली की हवा साफ-सुथरी
वहीं, मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा एक बार फिर से 100 के नीचे आ गई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 85 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 113 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटे के भीतर इसमें 28 अंकों का सुधार हुआ है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
#दलल #म #कल #क #मसम #द #दन #और #कबकब #अचछ #बरश #सतबर #तक #क #वदर #अपडट



Post Comment