×
रतलाम में सुरक्षा घेरा तोड़ नितिन गडकरी के काफिले के सामने आए लोग, तेज रफ्तार की वजह से टक्कर होते-होते बची, पुलिस महकमे में हड़कंप

रतलाम में सुरक्षा घेरा तोड़ नितिन गडकरी के काफिले के सामने आए लोग, तेज रफ्तार की वजह से टक्कर होते-होते बची, पुलिस महकमे में हड़कंप

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रतलाम-झाबुआ खंड का निरीक्षण किया।

Publish Date: Thu, 09 Jul 2026 06:38:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Jul 2026 06:38:32 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के काफिले के सामने अचानक पहुंचे ग्रामीण

HighLights

  1. केंद्रीय मंत्री ने किया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण
  2. रतलाम में गडकरी के तेज रफ्तार काफिले के सामने आए ग्रामीण
  3. पुलिस सीसीटीवी और फुटेज के आधार पर कर रही जांच

नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निरीक्षण के दूसरे दिन गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जब मध्य प्रदेश के रतलाम और झाबुआ जिले के हिस्से का जायजा ले रहे थे, तब शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पास कुछ ग्रामीण अचानक उनके तेज रफ्तार काफिले के सामने आ गए।

naidunia_image

करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर रहे इस काफिले के सामने से ग्रामीण समय रहते हट गए, जिससे एक गंभीर दुर्घटना रुकी। इस दौरान काफिले के कुछ वाहन भी आपस में टकराने से बाल-बाल बचे, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने किया स्वागत, गडकरी ने ली प्रगति की जानकारी

केंद्रीय मंत्री गडकरी बुधवार रात मंदसौर जिले के गरोठ में विश्राम करने के बाद गुरुवार सुबह करीब 8.15 बजे आगे के दौरे के लिए रवाना हुए थे। सुबह लगभग 10.25 बजे उनका काफिला रतलाम जिले की असावती सीमा पर पहुंचा, जहां कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार ने उनका स्वागत किया।

वहां करीब पांच मिनट रुककर उन्होंने एक्सप्रेस-वे की प्रगति और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे 19 वाहनों के सुरक्षा काफिले के साथ झाबुआ की ओर बढ़ गए।

सर्विस एरिया में पेट्रोल पंप का किया उद्घाटन

दौरे के दौरान नितिन गडकरी जावरा और थांदला के बीच स्थित रेस्ट एंड सर्विस एरिया में भी रुके। यहां उन्होंने एक नए पेट्रोल पंप की सुविधा का उद्घाटन किया। हालांकि, व्यस्त कार्यक्रम के चलते उन्होंने न तो मीडिया से कोई चर्चा की और न ही रास्ते में अपनी समस्याओं को लेकर इंतजार कर रहे स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की।

समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे ग्रामीण, पुलिस करेगी जांच

एक्सप्रेस-वे निर्माण के कारण बंद हुए संपर्क मार्गों, खेतों में पानी भरने (जलभराव) और आवागमन में हो रही असुविधाओं को लेकर ग्रामीण मंत्री को अपनी शिकायतें सौंपना चाहते थे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों और सामान्य यातायात नियंत्रित होने के बावजूद शिवगढ़ क्षेत्र में यह चूक हुई।

एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि काफिले के आने से पहले स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी मांगें सुनी गई थीं और ज्ञापन ले लिया गया था। काफिले के सामने अचानक कौन लोग आए, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

#रतलम #म #सरकष #घर #तड #नतन #गडकर #क #कफल #क #समन #आए #लग #तज #रफतर #क #वजह #स #टककर #हतहत #बच #पलस #महकम #म #हडकप

Post Comment