शहडोल के कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल में लगातार बारिश के कारण अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। अस्पताल के आर्थो वार्ड सहित कई हिस्सों में छत से बारिश का पानी टपक रहा है। मरीजों को टपकते पानी के बीच इलाज कराना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि मरीजों और उनके परिजनों को अपने बिस्तर और आसपास पानी गिरने से रोकने के लिए खुद बाल्टी और बर्तन लगाने पड़ रहे हैं। आर्थो वार्ड में कई बिस्तरों के पास बर्तन रखे देखे गए, जहां फर्श पर पानी जमा हो रहा था। लगातार पानी गिरने से फर्श गीला होने के कारण मरीजों और आगंतुकों के फिसलने का खतरा भी बना हुआ है। अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही बीमारी और दर्द से जूझ रहे हैं। ऐसे में छत से टपकते पानी ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। मरीजों का कहना है कि बारिश के दौरान उन्हें अपने सामान और बिस्तर को बचाने के लिए खुद ही इंतजाम करने पड़ रहे हैं। इस संबंध में जिला अस्पताल की सहायक प्रबंधक पूजा सोनी ने बताया कि अस्पताल की बिल्डिंग काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। भवन में सुधार कार्य जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी स्थान पर पानी टपकने से मरीजों को परेशानी हो रही है, तो उन्हें दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। यह स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। हर साल बारिश होती है, लेकिन पुरानी बिल्डिंग में पानी रोकने की स्थायी व्यवस्था न होने से मरीजों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
#शहडल #असपतल #क #छत #स #टपक #पन #आरथ #वरड #म #मरज #न #खद #लगए #बरतन #परशन #हत #रह #परजन #Shahdol #News



Post Comment