सिंगरौली कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 252 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सात दिवस के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई में कई व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन सामने आए। इनमें बैढ़न क्षेत्र के ग्राम ढोटी निवासी कपिल देव विश्वकर्मा का मामला प्रमुख रहा। कपिल देव ने बताया कि वे मार्च 2020 से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की अमिलिया कोल माइंस परियोजना के तहत मेसर्स निटकॉन लिमिटेड में कुशल चालक के रूप में कार्यरत थे। उनका आरोप है कि 18 मार्च 2026 को उन्हें बिना किसी गलती या पूर्व सूचना के नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने अपनी नौकरी बहाल करने की मांग की, क्योंकि कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने और पूर्व में जनसुनवाई में आवेदन देने के बावजूद उन्हें अब तक काम पर नहीं रखा गया है, जिससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर दिया कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, इसलिए किसी भी प्रकरण के निराकरण में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#सगरल #जनसनवई #म #आवदन #परपत #टएचडस #परयजन #स #हटए #गए #चलक #न #नकर #बहल #क #गहर #लगई #कलकटर #न #दए #नरदश #Singrauli #News



Post Comment