नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बहुचर्चित इंदौर-टू-शिलांग हनीमून मर्डर केस में ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपित सोनम को मिली जमानत रद कराने के लिए शिलांग पुलिस मेघालय हाई कोर्ट जाएगी।
दरअसल, शिलांग पुलिस का मानना है कि गंभीर प्रकृति के इस केस में सोनम इसकी मास्टरमाइंड है। जमानत मिलने से वह गवाहों को प्रभावित कर सकती है। उसकी जमानत को आधार बनाकर शेष आरोपित भी जमानत मांगने लगे हैं।
इन बिंदुओं को बनाया जाएगा आधार
पुलिस उन बिंदुओं को ही आधार बनाएगी, जिन बिंदुओं पर शिलांग की सत्र न्यायालय ने सोनम को जमानत दी। सरकारी वकील केशव गौतम ने भी इसकी पुष्टि की है। सूत्रों के अनुसार, शिलांग पुलिस अब इस मामले से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों को और मजबूती से प्रस्तुत करने की रणनीति बना रही है, ताकि हाई कोर्ट में जमानत आदेश को चुनौती दी जा सके।
सोनम को सशर्त जमानत मिली है
बता दें कि इंदौर शहर के सहकार नगर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या में उसकी पत्नी सोनम को सशर्त जमानत मिली है। सत्र न्यायालय ने जमानत देते समय शिलांग की ईस्ट खासी हिल्स थाना पुलिस की जांच प्रक्रिया पर प्रश्न उठाए थे। दरअसल, न्यायालय ने पाया कि सोनम की गिरफ्तारी के अभिलेख में हत्या की वास्तविक धारा के बजाय असंगत धारा लगा दी गई। इसके साथ ही सोनम को गिरफ्तारी के समय आरोपित के रूप में उसके अपराध के बारे में भी नहीं बताया गया।
इसे सत्र न्यायालय ने कानूनी प्रक्रिया की गंभीर खामी और संविधान में आरोपित को प्राप्त मौलिक अधिकार का उल्लंघन माना। यह भी पाया गया कि 10 माह में भी मामले की जांच कर रही एसआइटी जांच को पूरा नहीं कर सकी है। सभी गवाहों के बयान भी दर्ज नहीं किए गए हैं।
राजा के भाई बोले- वह भी जाएंगे हाई कोर्ट
इस बीच, राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि वह स्वयं भी सोनम की जमानत खारिज कराने के लिए मेघालय हाई कोर्ट जाएंगे। इसके लिए याचिका दायर करेंगे। उन्होंने इसके लिए वकील से संपर्क कर लिया है और प्रक्रिया के लिए दस्तावेज भी जमा कर दिए गए हैं।
वहीं, शिलांग पुलिस के राजफाश में सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाह की जमानत पर शुक्रवार को शिलांग की सत्र न्यायालय का फैसला आ सकता है। सोनम की जमानत को आधार बनाकर राज के वकील योबिन ने कोर्ट में अर्जी लगाई है। बुधवार को बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया था।
शिलांग से बाहर जाने की अर्जी दायर कर सकती है सोनम
सोनम की रिहाई की इंदौर से ज्यादा शिलांग में चर्चा हो रही है। मई 2025 में हुई इस घटना से टूरिस्ट प्रभावित हुए थे। मेघालय सरकार को आगे आकर टूरिस्ट को सुरक्षा की गारंटी देनी पड़ी थी।
बताया गया है कि जमानत के बाद सोनम को वकील की मदद से शिलांग में किसी सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। कारण यह है कि सोनम कोर्ट की अनुमति के बिना शिलांग नहीं छोड़ सकती है। वहीं, सूत्रों के अनुसार, सोनम स्वयं शिलांग से बाहर जाने के लिए भी कोर्ट में अर्जी दायर कर सकती है। इसके लिए वह स्वयं पर हमले का खतरा होने का तर्क दे सकती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के Bargi Dam में हादसा, क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत, 14 की बचाई गई जान; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Source link
#सनम #क #फर #बढ़ग #मशकल #गवह #क #परभवत #करन #क #आशक #जमनत #रदद #करन #हई #करट #जएग #शलग #पलस



Post Comment