नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की आधिकारिक वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी ने राज्य सेवा और वन सेवा परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से पोर्टल बंद होने के कारण उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परीक्षा से पहले असमंजस की स्थिति बन गई है।
आयोग के अधिकारियों के मुताबिक वेबसाइट का सर्वर डाउन हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए लगातार मेंटेनेंस का काम चल रहा है।
36 पदों पर भर्ती
राज्य सेवा के 155 पद और वन सेवा के 36 पदों पर भर्ती निकाली गई है। लगभग 1 लाख 35 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जानी है, जिसके लिए प्रदेश के 54 जिलों में 500 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
एडमिट कार्ड 16 अप्रैल से जारी किए जा रहे थे, लेकिन शुक्रवार रात से वेबसाइट ठप हो गई। अभ्यर्थियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है और अभी तक पूरी तरह से समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिला
इस बीच अभ्यर्थियों ने कई बार वेबसाइट खोलने की कोशिश की। कई उम्मीदवारों ने आयोग को ई-मेल भी किया, पर उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
उम्मीदवार विवेक जैन का कहना है कि वह पिछले दो दिनों से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली। ऐसे में उन्हें अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। वहीं साक्षी त्रिपाठी बताती हैं कि उनका परीक्षा केंद्र दूसरे जिले में हो सकता है, जिसके लिए उन्हें पहले से यात्रा की योजना बनानी होती है, लेकिन एडमिट कार्ड न मिलने से यह संभव नहीं हो पा रहा है।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सामान्य अध्ययन का होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक सामान्य अभिरुचि का होगा। दोनों पेपर देना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं
इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को अब परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा, जबकि पहले यह समय 45 मिनट था। केंद्रों पर तीन स्तर की जांच होगी, पहले एडमिट कार्ड की जांच, फिर मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग और अंत में बायोमैट्रिक पहचान।
टीम लगातार मेंटेनेंस कर रही
ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया कि सर्वर पर लोड बढ़ने से पोर्टल क्रैश हो गया है। वेबसाइट को सुधारने के लिए आईटी टीम लगातार मेंटेनेंस कर रही है और जल्द ही पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से परेशान न होने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ऑनलाइन गेम के कर्ज ने बनाया अपराधी, BSF जवान की बेटी ने खुद के साथ रची 15 लाख रुपये के सोने की लूट की साजिश
Source link
#MPPSC #वबसइट #ठप #एडमट #करड #क #लए #लख #छतर #परशन #अपरल #क #ह #रजय #सव #परकष



Post Comment