नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ब्रिक्स कृषि सम्मेलन में शामिल विदेशी प्रतिनिधियों के लिए मध्यप्रदेश का ग्रामीण हाट सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि संस्कृति, स्वाद और परंपरा से भरा जीवंत अनुभव बन गया। इंडोनेशिया की रीना सुप्रिहाती जनजातीय नर्तक दल की प्रस्तुति से इतनी प्रभावित हुईं कि खुद भी कलाकारों के साथ कदम थिरकाने लगीं।
विदेशी मेहमानों ने लोक संस्कृति का आनंद लेने के साथ प्रदेश के ओडीओपी (ODOP) उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं में गहरी रुचि दिखाई। रीवा के जीआई टैग सुंदरजा आम समेत प्रदेश की विविध आम प्रजातियों का स्वाद चखकर प्रतिनिधि अभिभूत नजर आए।
वहीं पद्मश्री सम्मानित किसान लहरी बाई के दुर्लभ देशी बीज संग्रह ने ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों को खासा आकर्षित किया। कई प्रतिनिधियों ने बीज संरक्षण और जैव विविधता को लेकर विस्तार से जानकारी भी ली।
मृगनयनी, प्रकृत सिल्क और हेम्प क्लोदिंग के स्टॉल विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र रहे। ब्राजील के प्रतिनिधि रोबेटो कार्लोस राजेरा पापा ने अपनी पार्टनर के लिए मृगनयनी से 9,260 रुपये की साड़ी और सूट खरीदा और ऑनलाइन भुगतान किया। खरीदारी के दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, साड़ी सुंदर है, लेकिन फॉरेनर से ज्यादा कीमत नहीं लेनी चाहिए, थोड़ा डिस्काउंट मिलना चाहिए।
उन्होंने हेम्प क्लोदिंग का इको-फ्रेंडली कुर्ता भी खरीदा तथा हैंडमेड उत्पाद पर 60 डॉलर नकद भुगतान किया। अफ्रीकी प्रतिनिधियों ने नीमच के ऑर्गेनिक उत्पादों में रुचि दिखाते हुए अश्वगंधा के पैकेट खरीदे, जबकि बुरहानपुर के केले से बने उत्पाद भी विदेशी मेहमानों की पसंद बने।
ग्रामीण परिवेश में सजा ग्रामीण हाट बाजार
विदेशी अतिथियों के लिए ग्रामीण हाट बाजार पूरी तरह ग्रामीण परिवेश में सजा नजर आया। जूट के कालीन से लेकर स्टॉल की सजावट भी जूट के उत्पाद से की गई थी। यहां पर विभिन्न स्टॉल प्रतिनिधियों के लिए सजाए गए। ग्रामीण परिवेश दिखाने के लिए डोम में बैठने के लिए चारपाई रखी गई।
सभी का स्वागत पगड़ी पहनाकर किया गया। आदिवासी कलाकारों ने आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। नाश्ते का इंतजाम भी किया गया था।
यूएई की कृषि मंत्री पहुंचीं इंदौर
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए बुधवार शाम 5.30 बजे यूएई की कृषि मंत्री डॉ. अमना अल दहक इंदौर पहुंचीं। शेष ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री गुरुवार इंदौर पहुंचेंगे। इसके अलावा दस आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी पहुंचेंगे।
गुरुवार रात को होटल मेरियट में मुख्यमंत्री मोहन यादव की मेजबानी में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री व अन्य अतिथियों के लिए विशेष भोज का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री यादव सभी मंत्रियों व प्रतिनिधियों से मुलाकात भी करेंगे।
यह रही खास झलकियां
- विदेशी प्रतिनिधियों ने प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों को जाना और जानकारी ली।
- रीवा के जीआई टैग सुंदरजा आम समेत कई प्रजातियों का स्वाद चखा।
- मिलेट क्वीन लहरी बाई के दुर्लभ देशी बीज संग्रह ने आकर्षित किया।
- ब्राजील के राजेरा ने 9,260 रुपये की साड़ी और सूट खरीदा, ऑनलाइन भुगतान किया।
- राजेरा ने मुस्कुराते हुए मांगा डिस्काउंट, बोले, फॉरेनर से ज्यादा कीमत नहीं लेनी चाहिए।
- बुरहानपुर के केले से बने उत्पादों में पेन बास्केट, कारपेट आदि वस्तुओं में दिखाई रुचि।
Source link
#इदर #म #दख #बरकस #डलगटस #क #दस #अदज #लक #गत #पर #जमकर #नच #वदश #महमन #आम #क #चख #सवद



Post Comment