जीवाजी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट छात्रावास में गुरुवार को मैस में परोसी गई सब्जी में कीड़ा मिलने के आरोप को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट छात्रावास में गुरुवार को मैस में परोसी गई सब्जी में कीड़ा मिलने के आरोप को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। विद्यार्थियों ने मैस में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेका निरस्त करने की मांग की। विरोध में छात्रों ने करीब एक घंटे तक धरना दिया और कुछ समय के लिए छात्रावास में तालाबंदी भी कर दी। छात्रों की मांग थी कि मैस का खाना गुणवत्तापूर्ण कराया जाए, अन्यथा मैस का संचालन बंद किया जाए।
वार्डन की समझाइश के बाद प्रशासनिक भवन पहुंचे छात्र
हंगामे के दौरान छात्र कुलसचिव को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर छात्रावास के वार्डन डॉ. नवनीत गरुड़ छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि मैस का ठेका निरस्त करने का अधिकार उनके स्तर पर नहीं है, इसके लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन से चर्चा करनी होगी। इसके बाद छात्र प्रशासनिक भवन पहुंच गए और वहां अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन, पुलिस भी पहुंची मौके पर
छात्रों ने कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा को ज्ञापन सौंपते हुए मैस का ठेका समाप्त करने की मांग रखी। छात्रों का कहना था कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका आरोप था कि मैस में विद्यार्थियों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसी दौरान विश्वविद्यालय थाने की पुलिस भी प्रशासनिक भवन पहुंच गई।
कुलसचिव के आश्वासन पर शांत हुआ छात्रों का विरोध
बाद में कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा ने छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। मैस का टेंडर निरस्त करने की मांग पर कुलसचिव ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा कि जो विद्यार्थी मैस की सुविधा लेना चाहते हैं, वे उसका उपयोग कर सकें और जो इसका उपयोग नहीं करना चाहते, उन पर इसे अनिवार्य न किया जाए। छात्रों ने मैस की शिकायत के अलावा छात्रावास में खेल सामग्री और प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट उपलब्ध नहीं होने की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। कुलसचिव ने दोनों सुविधाओं की व्यवस्था जल्द कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों का विरोध शांत हुआ।
#जवज #यनवरसट #म #हगम.. #मस #क #खन #म #कड #मलन #पर #छतर #न #क #तलबद #टडर #रदद #करन #क #मग



Post Comment