इंदौर का देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट 2026 की दूसरी तिमाही में फिर से देश के टॉप-10 एयरपोर्ट में लौट आया है।
HighLights
- अप्रैल से जून की एएसक्यू सर्वे रिपोर्ट में इंदौर को 9वीं रैंक मिली है
- कम अंक मिलने के बावजूद रैंकिंग में 4 स्थान का सुधार हुआ
- सबसे ज्यादा शिकायत एयरपोर्ट स्टाफ के व्यवहार को लेकर आई
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर का देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल से जून) में देश के टाप-10 एयरपोर्ट में शामिल हो गया। पहली तिमाही में 13वें पायदान पर रहने वाले इंदौर एयरपोर्ट को दूसरी तिमाही में 25 पैरामीटर पर कम अंक मिले, फिर भी रैंकिंग में चार स्थानों का सुधार हुआ।
दूसरी तिमाही में इंदौर को पांच में से 4.88 अंक मिले। वहीं 4.97 अंकों के साथ पुणे एयरपोर्ट पहले स्थान पर रहा, जबकि 4.93 अंक के साथ रायपुर दूसरे और 4.92 अंक के साथ पटना एयरपोर्ट तीसरे नंबर पर रहा।
देश में कभी नंबर वन रहने वाला इंदौर एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं के मामले में अपनी रैंकिंग में अपेक्षित सुधार नहीं कर पा रहा है। वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 0.01 अंक का सुधार हुआ और यह नौवें पायदान पर पहुंच सका। हालांकि वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में इंदौर एयरपोर्ट 12वें पायदान पर था। मामूली सुधार के साथ इंदौर टाप-10 में तो शामिल हो गया, लेकिन शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर पाया।
हाल ही में जारी एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वे की रिपोर्ट में इंदौर एयरपोर्ट को नौवीं रैंकिंग मिली है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। इसका असर आगामी समय में दिखाई देगा। इंदौर एयरपोर्ट को वर्ष 2025 की वार्षिक रैंकिंग के दौरान तीसरी रैंकिंग मिली थी।
स्टाफ का व्यवहार नहीं आया पसंद
इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को लेकर 31 पैरामीटर पर हुए सर्वे में यात्रियों ने 25 पैरामीटर पर कम अंक दिए। इसमें एयरपोर्ट स्टाफ की शिष्टता यात्रियों को पसंद नहीं आई। वहीं सुरक्षा स्क्रीनिंग और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को भी यात्रियों ने पसंद नहीं किया और कम अंक दिए।
रेस्टोरेंट, कैफे की सुविधा के साथ सफाई को भी यात्रियों ने अनुकूल नहीं माना। कुछ माह पहले शुरू हुई वाई-फाई सुविधा और दुकानों का मूल्य अनुकूल होना जैसी सुविधाएं यात्रियों को पसंद आईं और इनमें अंक बढ़े।

एसीआई करता है एएसक्यू सर्वे
एएसक्यू सर्वे एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) द्वारा किया जाता है, जिसमें सालाना 18 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही वाले एयरपोर्ट शामिल किए जाते हैं। इसमें भारत के 16 एयरपोर्ट शामिल हुए। प्रत्येक तिमाही में यात्री सुविधाओं को लेकर 31 पैरामीटर पर सर्वे एसीआई द्वारा किया जाता है। सभी पैरामीटर पर कुल पांच अंक दिए जाते हैं।
Source link
#इदर #एयरपरट #क #टप10 #रकग #म #वपस #दसर #तमह #म #नव #पयदन #पर #पहच #पहल #थ #13व #नबर #पर



Post Comment