नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में शिक्षा माफियाओं की मनमानी कम नहीं हो रही है। प्रशासन की सख्ती के बाद भी वे नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। शिक्षा विभाग भी दिखावे की कार्रवाई तक सीमित रहता है। स्कीम नंबर 54 स्थित सिक्का हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय में छह शिकायतें पहुंचीं, जिसकी जांच के लिए डीपीसी संजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी शनिवार को स्कूल पहुंचे।
स्कूल में आरटीई के तहत 30 बच्चों को निश्शुल्क प्रवेश देना था, लेकिन प्रबंधन द्वारा दो बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। इस पर शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें प्रवेश दिलवाया। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन पर एक ही दुकान से पाठ्यक्रम खरीदने के लिए दबाव बनाने के भी आरोप लगे हैं। बताया गया कि स्कूल के बाहर की एक संस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। हालांकि जांच में अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
चार घंटे तक चली जांच, प्राचार्य के हुए बयान
शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल में पहुंचकर करीब चार घंटे तक जांच की। इस दौरान उन्होंने दोनों बच्चों को प्रवेश दिलवाया। साथ ही कॉपी-किताब एक ही जगह से खरीदने की शिकायत पर दस्तावेजों की जांच की गई। स्कूल के संबंध में फीस अधिक लेने की शिकायत भी सामने आई थी, जिस पर भी जांच की गई है। इन सभी मामलों की रिपोर्ट सोमवार तक तैयार होगी। यदि जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीआरसी कार्यालय को नहीं दिखी गलती
स्कूलों पर निगरानी के लिए बीआरसी राजेंद्र तंवर के कार्यालय के अधिकारियों को कोई गलती नजर नहीं आई। कुछ दिन पहले ही इनके कार्यालय से शिक्षक सिक्का स्कूल में जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन सिर्फ फोटो खिंचवाकर वापस लौट गए।
पते पर नहीं मिला परिवार
मामले में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जिन दो बच्चों को प्रवेश नहीं दिया गया था, उन्होंने दस्तावेजों में जो पता लिखवाया था, वहां दूसरे लोग निवास करते हैं। इस कारण प्रवेश में देरी हुई।
अब तक 50 से अधिक शिकायतें
बताया जा रहा है कि इस वर्ष शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय में 50 से अधिक शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से केवल पांच संस्थानों के खिलाफ ही कार्रवाई की गई है, जबकि बाकी स्कूलों पर शिक्षा विभाग द्वारा नरमी बरती जा रही है। जिन स्कूलों के प्राचार्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, वे भी मामूली धाराओं में ही हैं।
यह भी पढ़ें- MP में हेलमेट पहनना होगा अनिवार्य, 26 अप्रैल से चलेगा विशेष अभियान, अब सिर्फ चालान नहीं; लाइसेंस भी जाएगा
#इदर #म #आरटई #क #तहत #परवश #रकन #पर #सकक #सकल #म #परशसन #क #दबश #घट #चल #जच #मल #दखल



Post Comment