×
घर बैठे करें खाने की चीजों में मिलावट की पहचान, आशंका होने पर करें शिकायत

घर बैठे करें खाने की चीजों में मिलावट की पहचान, आशंका होने पर करें शिकायत

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जब भी हम खानपान की कोई सामग्री खरीदने जाते हैं तो हमारे मन में यह सवाल उठता है कि कहीं इसमें मिलावट तो नहीं है, लेकिन हमें जब भी किसी सामग्री में मिलावट की आशंका लगे तो शिकायत करना चाहिए। घर पर भी स्वयं मिलावट की जांच कर सकते हैं। इसकी जांच के लिए यूट्यूब पर डीएआरटी एफएसएसएआई द्वारा अलग-अलग खाद्य पदार्थों के वीडियो भी अपलोड किए हुए हैं।

किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका पर कलेक्टर कार्यालय हेल्पलाइन नंबर 0731-181, सीएम हेल्पलाइन नंबर, नगर निगम के 311 एप, एफएसएसएआई, खाद्य विभाग कार्यालय आदि पर शिकायत कर सकते हैं। यदि आप अपनी पहचान नहीं बताना चाहते हैं तो एमपीएफडीएएमआईएस.इन पर शिकायत कर सकते हैं।

यह बात मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने कही। वे मंगलवार को हेलो नईदुनिया कार्यक्रम में खाद्य सामग्री में मिलावट की पहचान, शिकायत और निवारण पर पाठकों के सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि हमारी टीम लगातार निरीक्षण कर कार्रवाई करती है।

सवाल : खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत कहां कर सकते हैं? – अनिल बामनिया, इंदौर

जवाब : यदि आपको खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका लगती है तो कलेक्टर कार्यालय हेल्पलाइन नंबर 0731-181, एफएसएसएआई की वेबसाइट आदि पर कर सकते हैं। खाद्य पदार्थ में मिलावट पाई जाती है तो कार्रवाई की जाती है।

सवाल : जगह-जगह आम रस की दुकानें लग रही हैं। क्या इसका सेवन करना चाहिए? – मुशव्वर मंसुरी, कछालिया

जवाब : कई स्थानों पर 10 रुपये गिलास में आमरस मिलता है। इतने कम दाम में आमरस मिलना संभव नहीं है। इसमें शुगर सिरप और फ्लेवर का उपयोग हो सकता है। हमेशा अपने सामने रस को बनवाएं।

सवाल : दूध खुला खरीदना चाहिए या फिर पैकिंग का? – राजेश जैन, इंदौर

जवाब : दूध खुला भी अच्छा होता है और पैकिंग वाला भी अच्छा होता है। दोनों ही पौष्टिक होते हैं।

सवाल : मिठाई खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें? – नीलेश, इंदौर

जवाब : हमें ज्यादा चमक वाली मिठाई को खरीदने से बचना चाहिए। यह भी देखना चाहिए कि मिठाई के वर्क में चांदी की जगह एल्युमिनियम का उपयोग तो नहीं हो रहा है। पहचान के लिए वर्क को हाथों में मसले यदि बारीक हो गया तो अच्छा है। वहीं टुकड़े हो रहे हैं तो यह एल्युमिनियम हो सकता है।

सवाल : केमिकल मिले फल पर क्या कार्रवाई होती है? – हेमंत पन्हालकर, इंदौर

जवाब : आम आर्टिफिशियल तरीके से भी पकाए जाते हैं। बाजार में आम कई वैरायटी के आने लगे हैं। खाद्य विभाग की टीम समय-समय पर कार्रवाई करती है।

सवाल : मावे में मिलावट की पहचान कैसे करें? – पदम जैन, पल्हर नगर

जवाब : मावे में स्टार्च की मिलावट हो सकती है। मिलावट की पहचान के लिए मेडिकल से टिंचर आयोडिन सोल्यूशन लेकर आएं। थोड़ा सा मावा लेकर उसमें दो बूंद डालें। यदि रंग बैंगनी होता है तो इसमें मिलावट है।

सवाल: दूध में कैसे पहचानें कि इसमें पानी अधिक मिला हुआ है? – प्रतीक कदम, भंवरकुआं

जवाब: थोड़े से दूध को चिकनी सतह पर रखें। यदि वह तेजी से नीचे जा रहा है, यानी उसमें पानी मिला हुआ है।

सवाल : चाय पत्ती और मिर्च में मिलावट को कैसे पहचानें? – प्रदीप जैन, इंदौर

जवाब : चाय पत्ती में लोहे का बारीक चूरा डालने की आशंका हो सकती है। इसके लिए आप चुंबक को उस पर रखें। यदि चिपक रहा है तो वह मिलावटी होगी। वहीं मिर्च पाउडर की पहचान के लिए आधा गिलास पानी लीजिए और उसमें थोड़ा मिर्च पाउडर डालिए। यदि शुद्ध होगा तो वह तले में चला जाएगा। अशुद्ध होगा तो ऊपर आ जाएगा और पानी का रंग लाल हो जाएगा।

यह भी पढ़ें : इंदौर जिले में साल भर में केवल 30 सैंपल की खानापूर्ति, जुर्माना भरकर छूट जाते हैं मिलावटखोर

Source link
#घर #बठ #कर #खन #क #चज #म #मलवट #क #पहचन #आशक #हन #पर #कर #शकयत

Post Comment