आगामी सिंहस्थ कुंभ-2028 को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महाकाल मंदिर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार लगने वाले जाम को कम करने के लिए अब शहर में संचालित सभी ऑटो और ई-रिक्शा के लिए यूनिक आईडी प्रणाली लागू की गई है। बिना यूनिक आईडी के शहर में ऑटो या ई-रिक्शा का संचालन नहीं किया जा सकेगा। यातायात पुलिस के अनुसार वर्तमान में शहर में करीब 5,000 ऑटो और ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात को संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से सभी ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन अब दो शिफ्टों में कराया जाएगा। प्रत्येक वाहन को यूनिक आईडी जारी की जाएगी, जिसके आधार पर उसकी संचालन अवधि निर्धारित होगी। पुलिस ने सभी ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अगले सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से यातायात थाना, उज्जैन पहुंचकर अपनी यूनिक आईडी प्राप्त करें। इसके लिए वाहन के सभी वैध दस्तावेज और चालक का आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही संबंधित वाहन को यूनिक आईडी जारी की जाएगी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सात दिन की अवधि समाप्त होने के बाद बिना यूनिक आईडी कोई भी ऑटो या ई-रिक्शा शहर में संचालित नहीं किया जा सकेगा। साथ ही यदि कोई चालक अपनी निर्धारित शिफ्ट से अलग समय में वाहन चलाते हुए या बिना यूनिक आईडी के संचालन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम और प्रचलित यातायात नियमों के तहत चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से महाकाल मंदिर, हरसिद्धि मंदिर, रामघाट और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास लगने वाले जाम में कमी आएगी तथा सिंहस्थ-2028 से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
Source link
#सहसथ2028 #स #पहल #सभ #ऑट #ईरकश #पर #यनक #आईड #जरर #उजजन #यतयत #पलस #क #नई #पहल #द #शफट #म #चलन #हग #ऑट #और #ईरकश #Ujjain #News



Post Comment