नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी (आईईटी) होस्टल में तोड़फोड़ करने वाले विद्यार्थियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। मामले की जांच के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें होस्टल के सभी छात्रों को दोषी माना गया है। समिति ने फाइनल ईयर के छात्रों के रिजल्ट और प्लेसमेंट रोकने की अनुशंसा की है। साथ ही होस्टल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये की पेनल्टी लगाने की सिफारिश की गई है।
अभिभावकों को बुलाने की भी अनुशंसा
समिति ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाने की भी अनुशंसा की है। अगले एक-दो दिनों में माता-पिता को नोटिस भेजे जाएंगे। रिपोर्ट कुलगुरु डा. राकेश सिंघई को सौंप दी गई है, जिनके स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
आईईटी परिसर स्थित रामानुजन होस्टल में फाइनल ईयर के छात्रों ने पाठ्यक्रम पूरा होने पर पार्टी आयोजित की थी। डीजे की धुन पर नाच-गाना हुआ और शराब पार्टी भी की गई। नशे की हालत में विद्यार्थियों ने होस्टल में जमकर तोड़फोड़ की। छात्रों ने खिड़कियों के कांच तोड़े, फर्नीचर फेंका और पानी के स्टोरेज टैंक को नुकसान पहुंचाया। टेबल-कुर्सियों सहित कई सामान भी क्षतिग्रस्त किए गए।
पार्टी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल
पूरा मामला तब सामने आया जब पार्टी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद सोमवार को पांच सदस्यीय समिति ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 50 से अधिक विद्यार्थियों की पहचान की गई है। जबकि होस्टल में अंतिम वर्ष के 154 छात्र रहते हैं। घटना के बाद से कई छात्र होस्टल से गायब बताए जा रहे हैं।
पार्टी में शराबखोरी पर भी उठे सवाल
आईईटी होस्टल में विद्यार्थियों तक नशीले पदार्थ और शराब आसानी से पहुंचने को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई घटनाओं में यह बात सामने आ चुकी है। इसके बावजूद शनिवार को हुई पार्टी में खुलेआम शराबखोरी हुई।
होस्टल वार्डन अमित मित्तल को पार्टी की जानकारी होने के बावजूद शराब होस्टल तक कैसे पहुंची, इसे लेकर जिम्मेदार फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। वार्डन का कहना है कि मामले में विद्यार्थियों से पूछताछ की जा रही है।
विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा
होस्टल में तोड़फोड़ को लेकर समिति की जांच रिपोर्ट मिल गई है, जिसे कुलगुरु को भेज दिया गया है। समिति ने विद्यार्थियों के रिजल्ट और प्लेसमेंट रोकने की अनुशंसा की है। नुकसान की भरपाई के लिए पेनल्टी लगाई जाएगी। अनुशासनहीनता करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा।
Source link
#IET #हसटल #म #फयरवल #परट #बन #शरब #परट #नश #म #छतर #न #क #जमकर #तडफड #अब #रकग #रजलट #और #पलसमट



Post Comment