×
Indore News: इंदौर में 18 कोचिंग-लाइब्रेरी सील, 70 बिल्डिंगों पर भी गिरी गाज, लखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा एक्शन

Indore News: इंदौर में 18 कोचिंग-लाइब्रेरी सील, 70 बिल्डिंगों पर भी गिरी गाज, लखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा एक्शन

लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद इंदौर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर के कोचिंग सेंटरों, रेस्टोरेंट्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी नियमों की सघन जांच की जा रही है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में 23 संस्थानों को सील कर दिया। इनमें 18 कोचिंग-लाइब्रेरी जबकि 5 होटल, रेस्टोरेंट, ऑफिस हैं। सिर्फ भंवरकुआं और गीता भवन क्षेत्र में ही एक दिन में 13 से अधिक संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया।

कार्रवाई के दायरे में आए प्रमुख संस्थान

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के आवश्यक संसाधन एवं सुरक्षा मानकों का पालन अधूरा पाया गया। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नालंदा परिसर, स्टडी आईएएस, माईंड कोचिंग क्लासेस, उड़ान करियर इंस्टीट्यूट, अड्डा, विनायक, Study IQ, इंस्पायर लाइब्रेरी, ईरा लाइब्रेरी, गुरुकुल क्लासेस, जी लाइब्रेरी, सारथी लाइब्रेरी, केटेलाइजर कोचिंग संस्थान, नुकलियम कोचिंग संस्थान, रामानुजन कोचिंग संस्थान, आयाम कोचिंग संस्थान, मक्खन वाला होटल, इकरथ कोचिंग संस्थान सहित अन्य परिसरों में कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फायर सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित करना जनहित एवं जनसुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोचिंग संस्थानों और रेस्टोरेंट पर औचक निरीक्षण

प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले भंवरकुआं स्थित कैटेलाइजर कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। यहां फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। जांच के दौरान आग से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण नहीं मिले और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसके पश्चात एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में टीम रेज़ोनेंस कोचिंग सेंटर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान को करीब तीन माह पूर्व नोटिस जारी कर खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के बाद भी सुधार नहीं किया गया। फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर विभागीय कार्रवाई की गई। कार्रवाई का दायरा केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं रहा। फायर सेफ्टी विभाग की टीम माखनवाला रसोई रेस्टोरेंट भी पहुंची, जहां फायर ऑडिट नहीं कराया गया था। नोटिस के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान जलती भट्टी के समीप बड़ी मात्रा में कोयला रखा मिला, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। टीम ने मौके पर अनियमितताओं का परीक्षण कर कार्रवाई की।

अवैध सेंटरों और जर्जर भवनों पर तालाबंदी

इसी तरह रामानुजन कोचिंग सेंटर पर भी कार्रवाई की गई। जहां नोटिस के बावजूद सुरक्षा उपकरण नहीं लगाए गए थे। प्रशासन ने संस्थान को सील कर दिया। इसी दौरान बेसमेंट में संचालित एक अवैध ऑटो सेंटर को भी बंद कराया गया। इसके बाद मेडिकोज करियर इंस्टीट्यूट की जांच में भवन जर्जर हालत में पाया गया तथा वहां भी फायर सेफ्टी उपकरण अनुपस्थित मिले। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए संस्थान को सील कर दिया गया। घनश्याम धनगर ने बताया कि भंवरकुआं और गीता भवन क्षेत्र में पूरे दिन चली इस कार्रवाई के दौरान 13 से अधिक संस्थानों की जांच की गई और गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें सील किया गया। अलग अलग क्षेत्रों में और भी संस्थानों को सील किया गया है। 

कलेक्टर की सख्त चेतावनी 

कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि शासन के आदेशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार बड़े भवनों, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। अब तक 70 से अधिक भवनों को फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने पर सील किया जा चुका है। कलेक्टर वर्मा ने भवन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे मानकों के अनुरूप फायर सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

संयुक्त प्रशासनिक दल की मैदानी कार्रवाई

एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में जूनी इंदौर क्षेत्र में विभिन्न कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी संसाधनों की सघन जांच की गई। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व अधिकारियों, फायर सेफ्टी ऑफिसर एवं नगर निगम इंदौर के संयुक्त दल द्वारा की गई। इस अभियान में तहसीलदार राकेश सस्तिया तथा कमलेश कुशवाह, नायब तहसीलदार अशोक परमार, भवन अधिकारी अंकेश बिरथरे, शैलेंद्र मिश्रा तथा राहुल रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link
#Indore #News #इदर #म #कचगलइबरर #सल #बलडग #पर #भ #गर #गज #लखनऊ #अगनकड #क #बद #बड #एकशन

Post Comment