इंदौर में ब्रिक्स देशों के युवाओं और उद्यमियों की महत्वपूर्ण बैठक का आज शुभारंभ हुआ। इंदौर के होटल मैरियट में आयोजित की जा रही ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की इस दो दिवसीय बैठक में भारत के अलावा ब्रिक्स समूह के विभिन्न सदस्य और सहयोगी देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस खास बैठक की शुरुआत प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई।
डिजिटल नवाचार पर केंद्रित रहा आज का दिन
इस दो दिवसीय बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप, तकनीक आधारित उद्यम, सामाजिक नवाचार और हरित व्यवसाय मॉडल पर विस्तृत चर्चा करना है। इस बैठक के दौरान मुख्य रूप से डिजिटल नवाचार, समावेशिता और सततता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है। इसके तहत संरचित संवाद, इंटरैक्टिव सत्र और सहयोगात्मक आदान-प्रदान के जरिए सदस्य देशों के युवा उद्यमियों को अपने अनुभव साझा करने, साझेदारी की नई संभावनाएं तलाशने और आपसी सहयोग को बढ़ाने का एक बड़ा अवसर मिलेगा। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान इस पहल को युवा सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।
एआई के उपयोग से व्यापार को विस्तार देने पर हुई चर्चा
बैठक के पहले दिन सबसे अहम चर्चा स्थानीय नवाचार से वैश्विक प्रभाव विषय पर आयोजित की गई। इस विशेष सत्र में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और यूएई सहित कई सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने देशों में युवाओं के स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार के अनुभवों को दुनिया के सामने रखा। इसके बाद पैनल चर्चा के दो बड़े सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र के दौरान डिजिटल नवाचार और टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमिता पर विस्तार से बात की गई। इसमें इस बात पर गहरा मंथन किया गया कि ब्रिक्स देशों के युवा उद्यमी किस तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), फिनटेक, एग्रीटेक और डीप टेक का उपयोग करके बड़े और समावेशी व्यवसाय विकसित कर सकते हैं। इस सत्र में उद्योग और स्टार्टअप जगत से जुड़े कई नामचीन विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए।
हरित उद्यमिता के साथ जलवायु अनुकूल मॉडल बनाने पर हुआ संवाद
पहले दिन के दूसरे सत्र में सामाजिक समावेशी उद्यमिता पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान ग्रामीण विकास, समाज में असमानता को कम करने और पिछड़े समुदायों के उत्थान के लिए काम करने वाले उद्यमों पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। इसके तुरंत बाद आयोजित तीसरे सत्र में हरित उद्यमिता और जलवायु अनुकूल व्यावसायिक मॉडल पर मंथन किया गया। इस सत्र में स्वच्छ ऊर्जा, सर्कुलर इकोनॉमी और पर्यावरण अनुकूल कारोबार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि भविष्य में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना व्यापार को बढ़ावा दिया जा सके।
सरकार के प्रतिनिधियों ने भी किया संबोधित
इससे पहले केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसके बाद युवा मामलों के विभाग की सचिव डॉ पल्लवी जैन गोविल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। मध्य प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी इस सत्र को संबोधित किया। यह पूरा आयोजन लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण थीम पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवा-नेतृत्व वाले उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और सदस्य देशों के बीच नवाचार, सहयोग व सतत विकास को बढ़ावा देना है। बैठक के दूसरे दिन गुरुवार के कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होकर दोपहर एक बजे तक चलेंगे, जिसके बाद सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को इंदौर के क्रिस्टल आईटी पार्क और पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा।
Source link
#Indore #News #ईरन #चन #और #रस #क #परतनध #इदर #पहच #वशवक #वषय #पर #महमथन #शर



Post Comment