नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। लंबे 10 दिनों के बाद आखिरकार मानसून का ‘अनशन’ टूटा है। रविवार-सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में वर्षा फिर से शुरू हो गई। छतरपुर, टीकमगढ़, सिवनी और दमोह जिलों में तो भारी वर्षा हुई है। छतरपुर के बड़ामलेहरा में सबसे अधिक 90 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। स्थानीय स्तर पर जिस तरह का मौसमी तंत्र बना है उससे इस सप्ताह अच्छी वर्षा की संभावना बन रही है। इससे पहले ठीक वर्षा चार से आठ जुलाई के बीच हुई थी। नौ जुलाई के बाद एकदम से वर्षा की गतिविधियां ठप पड़ गईं।
आज इन जिलों में भारी वर्षा
मौसम विभाग ने भिंड, मुरैना, अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। दतिया, पन्ना, निवाड़ी जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा की संभावना है। अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, दमोह, सागर और मैहर जिलों में अनेक स्थानों पर भारी से मध्यम वर्षा हो सकती है या गरज चमक के साथ बौछार पड़ सकती हैं।
दो प्रभावी सिस्टम के असर से पूरे प्रदेश में नमी, मौसम विशेषज्ञों ने दी जानकारी
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला का कहना है कि इस समय वर्षा के दो प्रभावी सिस्टम, मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण से निकली ट्रफ लाइन प्रदेश की उत्तरी और दक्षिणी सीमा के नजदीक से गुजर रही है। इसकी वजह से पूरे प्रदेश में एक समान तेज वर्षा की संभावना नहीं है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना ऊपरी वायु चक्रवात पश्चिमी मध्य प्रदेश में नमी पहुंचा रहा है। इसके प्रभाव से इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में कहीं-कहीं अच्छी वर्षा हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी, अगले चार दिनों तक दौर रहेगा जारी
दक्षिण उत्तर प्रदेश का ऊपरी वायु चक्रवात विशेष रूप से ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और आसपास के इलाकों में वर्षा की गतिविधियों को बढ़ा सकता है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने के संकेत फिलहाल नहीं हैं, लेकिन जब तक बंगाल की खाड़ी में कोई प्रभावी सिस्टम नहीं बनेगा तब तक एक समान और तेज वर्षा की संभावना नहीं बनेगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने के साथ पूर्वी, दक्षिणी और नर्मदा घाटी के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
भोपाल में झंझावात के साथ वर्षा
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भोपाल सामान्य तौर पर सूखा ही रहा। मंगलवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली झंझावाती हवा चल सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है या गरज चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
शहरों में तापमान
शहर – अधिकतम – न्यूनतम
भोपाल – 30.8 – 25.4
इंदौर – 30.4 – 23.6
ग्वालियर – 29.5 – 28
जबलपुर – 30.5 – 24.6
(स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में 6 महीने में कम हो गए 8.25 लाख बेरोजगार! विधानसभा में गूंजा मुद्दा, विपक्ष ने उठाए गंभीर सवाल
Source link
#Weather #21st #July #भपलगवलयर #समत #जल #म #हग #भर #बरश #इदरजबलपर #क #लए #भ #अलरट #जर



Post Comment