×
Weather Update: नौतपा में मौसम ने ली करवट, मालवा-निमाड़ में आंधी-बारिश से मिली राहत

Weather Update: नौतपा में मौसम ने ली करवट, मालवा-निमाड़ में आंधी-बारिश से मिली राहत

By Ramnath MutkuleEdited By: Ramnath Mutkule

Publish Date: Sun, 31 May 2026 11:02:39 AM (IST)Updated Date: Sun, 31 May 2026 11:02:39 AM (IST)

टीम नईदुनिया, मालवा-निमाड़। नौतपा के बीच शनिवार को मालवा-निमाड़ के मौसम ने अचानक करवट ली। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, खंडवा और शाजापुर सहित कई जिलों में देर रात से सुबह तक आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम वर्षा का दौर चला।

मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, पेड़ गिरे और यातायात बाधित रहा। किसानों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि कई क्षेत्रों में गेहूं और अन्य उपज खुले में रखी हुई है।

इंदौर : सुबह राहत, दोपहर में फिर तपिश

शहर में सुबह बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई। हालांकि दोपहर बाद बादल छंटते ही धूप निकल आई और गर्मी का असर महसूस हुआ। अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। पश्चिमी हवाएं 46 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं।

धार : बारिश कम, बिजली व्यवस्था प्रभावित

धार जिला मुख्यालय सहित कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। खुले में रखे गेहूं को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मंदसौर : रातभर चला बारिश और हवाओं का दौर

शुक्रवार-शनिवार की रात जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं और वर्षा का सिलसिला जारी रहा। कई जगह सड़कों पर पानी बह निकला। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली और दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं।

उज्जैन-रतलाम : प्री-मानसून की दस्तक

दोनों जिलों में सुबह घने बादलों के बीच रिमझिम से तेज वर्षा हुई। कई स्थानों पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन गई। बिजली की आंखमिचौली भी दिनभर जारी रही। वर्षा ने भीषण गर्मी और उमस से राहत पहुंचाई।

नीमच : पेड़ गिरा, यातायात प्रभावित

सुबह करीब पांच बजे तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। रेलवे स्टेशन रोड पर एक विशाल पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे रेलवे स्टेशन और सीआरपीएफ रोड के बीच यातायात प्रभावित रहा। कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने की सूचना मिली है।

खंडवा : बारिश के बाद उमस ने किया बेहाल

ओंकारेश्वर, हरसूद और खालवा क्षेत्र में करीब दस मिनट तक आंधी के साथ वर्षा हुई। तेज हवाओं से दुकानों के बाहर रखा सामान बिखर गया। बारिश के बाद पूरे दिन उमस बनी रही।

शाजापुर : मक्सी में ओलावृष्टि

रात तीन बजे के बाद मौसम बदला और जिले के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। मक्सी क्षेत्र में ओलावृष्टि की भी सूचना है। तेज हवाओं से कुछ स्थानों पर पेड़ गिरे। जिले का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Weather Update: इंदौर में भीषण गर्मी से मिली राहत, अभी तीन से चार दिन तक बनी रहेगी बारिश की स्थिति

Source link
#Weather #Update #नतप #म #मसम #न #ल #करवट #मलवनमड #म #आधबरश #स #मल #रहत

Post Comment