खानपान के लिए लोकप्रिय इंदौर में इन दिनों होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों के द्वारा लगातार लापरवाही सामने आ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 6 और 7 मई को देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 29 नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजे गए हैं। जनता से मिली शिकायतों के आधार पर यह एक्शन हुआ है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मिलावटखोरों और गंदगी में खाद्य सामग्री बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है।
अवैध कुल्फी कारखाने पर तालाबंदी
जांच टीम ने धार रोड स्थित मां इंटरप्राइजेज पर छापामार कार्रवाई की, जहां विष्णु सुथार द्वारा बॉम्बे चौपाटी ब्रांड के नाम से कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण में पाया गया कि संचालक के पास वर्तमान परिसर का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वे पुराने पते के पंजीयन पर अवैध रूप से निर्माण, ट्रेडिंग और स्टोरेज का कार्य कर रहे थे। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से कारखाने को बंद करवा दिया है।
निर्माण स्थल पर मिली गंदगी
मां इंटरप्राइजेज के निरीक्षण में स्वच्छता मानकों की भारी अनदेखी उजागर हुई। कर्मचारी बिना कैप, ग्लव्स और एप्रोन के कार्य कर रहे थे। कुल्फी के सांचे जमीन पर रखकर काम किया जा रहा था और कच्चे माल का भंडारण भी अव्यवस्थित था। टीम ने यहां से 8 नमूने लिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक वैध लाइसेंस और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं होगा, तब तक संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आइस कैंडी और फ्रोजन डेजर्ट इकाइयों की जांच
खाद्य विभाग की टीम ने बियाबानी धार रोड पर संचालित पंकज आइस कैंडी का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण प्रक्रिया की जांच के बाद आइस कैंडी के 3 और फ्रोजन डेजर्ट के 2 नमूने लिए गए। गर्मी के मौसम को देखते हुए ठंडे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभाग विशेष नजर रख रहा है।
वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने पर नोटिस
कलेक्टर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी टीम ने तत्परता दिखाई। राधिका फरियाली एंड सैंडविच से साबूदाना खिचड़ी, श्री साईं डोसा भवन से इडली व चटनी, और ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से सूजी व मैदा के नमूने लिए गए। इसके अलावा चाइनीज वोक, एशिया 7, मोम स्टेशन जूस, समोसा डॉट निक और डॉक्टर जोश जैसे प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई। कई स्थानों पर वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
कोल्ड स्टोरेज की भी जांच की
अभियान के तहत पालदा स्थित क्वालिटी केला कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
#Indore #News #गदग #क #बच #बन #रह #आइसकरम #वज #क #सथ #ननवज #रख #रह #रसटरट #द #दन #म #जगह #छप



Post Comment